लुधियाना के 10 स्कूलों को ब*म से उड़ाने की ध*मकी, ई-मेल मिलने के बाद मचा हड़कंप; पुलिस ने चलाया सर्च ऑपरेशन

10 मार्च 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

Punjab Desk:  Ludhiana में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब शहर के करीब 10 स्कूलों को ब*म से उड़ाने की ध*मकी वाला ई-मेल मिला। सुबह करीब 7 बजे स्कूल प्रबंधन को भेजे गए इस मेल में स्कूल परिसरों में विस्फोट करने की चेतावनी दी गई थी।

धमकी की सूचना मिलते ही स्कूल प्रशासन ने तुरंत पुलिस और जिला प्रशासन को जानकारी दी। इसके बाद पुलिस की टीमें भारी संख्या में मौके पर पहुंच गईं। साथ ही जांच के लिए ब*म निरोधक दस्ता (BDDS) और डॉग स्क्वॉड को भी तैनात किया गया।

सुरक्षा के मद्देनजर सभी स्कूल परिसरों को तुरंत खाली करा लिया गया। छात्रों और स्टाफ को सुरक्षित स्थानों पर भेज दिया गया, जबकि पुलिस ने स्कूलों के आसपास के इलाकों में घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया।

जांच के दौरान सुरक्षा एजेंसियों ने स्कूलों के हर हिस्से की बारीकी से जांच की, ताकि किसी भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री का पता लगाया जा सके। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और पूरे अभियान की निगरानी करते रहे।

पुलिस के अनुसार धमकी भरे ई-मेल की तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है। साइबर सेल यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ई-मेल किस सर्वर या आईडी से भेजा गया और इसके पीछे कौन लोग शामिल हो सकते हैं।

फिलहाल पुलिस का कहना है कि स्थिति नियंत्रण में है और अभी तक किसी भी स्कूल परिसर से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। प्रशासन ने अभिभावकों और स्थानीय लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और भरोसा दिलाया है कि जल्द ही धमकी भेजने वालों का पता लगा लिया जाएगा।