07 मार्च 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
National Desk: Delhi Jal Board ने राजधानी में अगले तीन दिनों तक पानी की आपूर्ति प्रभावित रहने की सूचना दी है। हैदरपुर वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से निकलने वाली 700 मिमी व्यास की मुख्य पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण 9 और 10 मार्च को कई इलाकों में जलापूर्ति बाधित रहेगी।
जल बोर्ड के अनुसार पाइपलाइन जमीन के काफी नीचे होने और तकनीकी दिक्कतों के चलते मरम्मत कार्य में करीब 24 घंटे का समय लग सकता है। इसके अलावा भूमिगत जलाशयों और बूस्टर पंपिंग स्टेशनों की वार्षिक फ्लशिंग के कारण भी 8, 9 और 10 मार्च को कई क्षेत्रों में पानी की सप्लाई प्रभावित रहेगी।
इसका सबसे अधिक असर Rohini के सेक्टर 15, 16, 17, 18 और 19, Badli Industrial Area फेज-1, 2 और 3, सूरज पार्क, राजा विहार, प्रशांत विहार, समायपुर, शिवपुरी, टीचर कॉलोनी और बादली गांव समेत आसपास की कॉलोनियों में पड़ेगा।
इसके अलावा 9 मार्च को सिरसपुर, लिबासपुर, स्वरूप नगर, बुध विहार फेज-2, मंगेराम पार्क, पूठ, बेगमपुर और कई अन्य इलाकों में पानी की आपूर्ति प्रभावित रहेगी। वहीं 10 मार्च को करावल नगर, मौजपुर, जाफराबाद, सीलमपुर, गोकुलपुरी, अशोक नगर और सीमापुरी सहित कई क्षेत्रों में जल संकट देखने को मिल सकता है।
जल बोर्ड ने प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को पहले से पानी का पर्याप्त भंडारण करने की सलाह दी है, ताकि मरम्मत और फ्लशिंग कार्य के दौरान होने वाली असुविधा से बचा जा सके।












