06 मार्च 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
International Desk: कनाडा के विंडसर शहर में रहने वाली पंजाबी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और यूट्यूबर नैंसी ग्रेवाल की बे*रहमी से ह*त्या कर दी गई। जानकारी के मुताबिक 45 वर्षीय नैंसी पर घर के बाहर चा*कू से कई बार ह*मला किया गया, जिससे उनकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि गैंगस्टर आकाश हरिके और सुखा संधू ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस ह*त्या की जिम्मेदारी ली है। हालांकि इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
मूल रूप से पंजाब के लुधियाना जिले के नारंग गांव की रहने वाली नैंसी ग्रेवाल पेशे से नर्स थीं और कनाडा में रहकर सोशल मीडिया पर सक्रिय थीं। रिपोर्ट के अनुसार हमलावरों ने उन पर कई बार चाकू से वार किया। परिवार का आरोप है कि हमले में उनके पेट में कई वार किए गए।
नैंसी की मां शिंदर पाल ग्रेवाल के मुताबिक उनकी बेटी का विवाद कुछ निहंगों और स्थानीय गुरुद्वारा कमेटी के साथ पुराना था। बताया जाता है कि गुरुद्वारे में राशन चोरी की शिकायतों के बाद नैंसी ने वहां सीसीटीवी कैमरे लगवाए थे, जिसके बाद से विवाद बढ़ गया।
नैंसी ने एक इंटरव्यू में यह भी कहा था कि उनके घर की दीवार पर बने एक धार्मिक स्थल को हटाने के लिए उन्होंने कुछ निहंगों से मदद ली थी। कब्जा हटाने के बाद पैसों को लेकर विवाद हो गया और इसके बाद दोनों पक्षों के बीच सोशल मीडिया पर भी आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए।
बताया जाता है कि नैंसी अपने वीडियो में कुछ कट्टरपंथी तत्वों और खालिस्तान समर्थकों की आलोचना करती थीं, जिसके कारण उन्हें कई बार धमकियां भी मिली थीं। परिवार का कहना है कि इससे पहले भी उनके घर पर हमला हो चुका था और आग लगाने की घटना भी हुई थी, जिसकी शिकायत पुलिस में दी गई थी।
नैंसी का असली नाम मोनीप्रीत बताया जाता है। उन्होंने बचपन में ही अपना नाम बदलकर नैंसी रख लिया था। बाद में वह कनाडा चली गईं, जहां उन्होंने नर्सिंग की पढ़ाई की और सोशल मीडिया पर सक्रिय होकर वीडियो बनाने लगीं। फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और हत्या के पीछे की असली वजहों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।













