02 मार्च 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
National Desk: मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच दुबई एयरपोर्ट अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया, जिससे कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द हो गईं। दुबई से इंदौर आने वाली फ्लाइट निरस्त होने के कारण मध्य प्रदेश के इंदौर के कई नेता और उद्योगपति वहां फंस गए हैं।
बताया जा रहा है कि ये सभी लोग एक बिजनेस मीटिंग और वैवाहिक समारोह में शामिल होने दुबई पहुंचे थे। एयरपोर्ट संचालन प्रभावित होने के बाद जब वे वापसी के लिए पहुंचे तो उन्हें उड़ान रद्द होने की जानकारी मिली।
फंसे हुए लोगों में पूर्व विधायक संजय शुक्ला, पूर्व विधायक विशाल पटेल, प्रवीण कक्कड़, उद्योगपति मनीष शाहरा, मनीष अग्रवाल, पिंटू छाबड़ा, गोलू पाटनी, उत्पल गोयल, आदित्य शर्मा और आकाश शुक्ला समेत अन्य नाम शामिल बताए जा रहे हैं।
पूर्व विधायक संजय शुक्ला ने वीडियो कॉल के माध्यम से परिजनों को दुबई की स्थिति दिखाई। उन्होंने बताया कि सभी लोग फिलहाल सुरक्षित स्थान पर ठहरे हुए हैं। हालांकि, क्षेत्र में तनाव के चलते हालात चिंताजनक बने हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, वापसी के लिए शारजाह से उड़ान लेने की योजना पर विचार किया जा रहा है, लेकिन उड़ानों की स्थिति स्पष्ट होने के बाद ही अंतिम निर्णय लिया जाएगा। इंदौर में परिजन अपने परिजनों की सुरक्षित वापसी का इंतजार कर रहे हैं।
फिलहाल सभी की नजरें उड़ान सेवाएं बहाल होने पर टिकी हैं।













