25 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
Chandigarh Desk: Chandigarh में पार्किंग शुल्क लगाए जाने के विरोध में ऑटो और टैक्सी चालकों ने प्रदर्शन करते हुए मेयर Saurav Joshi से मुलाकात की। बड़ी संख्या में पहुंचे ड्राइवरों ने मांग की कि पहले की तरह उन्हें मुफ्त पार्किंग सुविधा दी जाए और नया पार्किंग चार्ज वापस लिया जाए।
मेयर सौरव जोशी ने प्रतिनिधिमंडल से बातचीत में कहा कि वह इस मुद्दे पर Municipal Corporation Chandigarh के कमिश्नर से चर्चा करेंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि पार्किंग शुल्क अलग से लगाए जाना उन्हें भी उचित नहीं लगता। मेयर ने कहा कि ऑटो और टैक्सी चालक शहर के नागरिकों को जिम्मेदारी के साथ उनकी मंज़िल तक पहुंचाते हैं, इसलिए उनकी समस्याओं पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि कमिश्नर फिलहाल शहर से बाहर हैं और उनके लौटने के बाद ही अंतिम फैसला लिया जा सकेगा।
यूनियन नेताओं ने रखी दलीलें
ऑटो कैब यूनियन के अध्यक्ष Anil Kumar ने कहा कि पिछले 15 वर्षों से शहर में ऑटो चालकों से कभी पार्किंग चार्ज नहीं लिया गया। चाहे किसी भी राजनीतिक दल का मेयर रहा हो या पार्किंग व्यवस्था निजी हाथों में रही हो, चालकों को शुल्क से छूट मिलती रही है।
उन्होंने बताया कि ड्राइवर अक्सर बुजुर्ग, बीमार और दिव्यांग यात्रियों को पिक-ड्रॉप करते हैं। कई बार यात्रियों का सामान अधिक होने के कारण वाहन को गंतव्य तक ले जाना पड़ता है। ऐसे में हर सेक्टर में पार्किंग शुल्क देना व्यावहारिक नहीं है।
वहीं टैक्सी यूनियन अध्यक्ष Amandeep Singh ने मांग की कि पहले की तरह सेक्टरों में टैक्सी और कैब के लिए निर्धारित पार्किंग स्थल उपलब्ध कराए जाएं। उनका कहना है कि पार्किंग चार्ज लागू होने से चालकों की आय पर सीधा असर पड़ेगा।
कमिश्नर के फैसले पर टिकी नजर
मेयर के आश्वासन के बाद अब ऑटो और टैक्सी यूनियनें नगर निगम कमिश्नर के चंडीगढ़ लौटने का इंतजार कर रही हैं। कमिश्नर से बातचीत के बाद ही इस मुद्दे पर आगे की कार्रवाई और अंतिम निर्णय लिया जाएगा।













