25 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
National Desk: राजसमंद जिले के नाथद्वारा में पुष्टिमार्गीय वल्लभ संप्रदाय की प्रधान पीठ श्रीनाथजी मंदिर में बुधवार को खास धार्मिक माहौल देखने को मिला। अंबानी परिवार की वरिष्ठ सदस्य कोकिलाबेन अंबानी ने अपने 92वें जन्मदिन के अवसर पर पूरे परिवार के साथ भगवान श्रीनाथजी के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।
इस मौके पर नाथद्वारा स्थित श्रीनाथजी की हवेली में परंपरागत विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया गया। युवाचार्य गोस्वामी विशाल बावा ने अंबानी परिवार को आशीर्वाद प्रदान किया। दर्शन के बाद सभी सदस्यों को फेंटा बांधकर, रजाई व ऊपरना ओढ़ाकर तथा प्रसाद भेंट कर सम्मानित किया गया।
जन्मदिन के इस धार्मिक आयोजन में मुकेश अंबानी, अनिल अंबानी, आकाश अंबानी, श्लोका अंबानी, अनंत अंबानी, राधिका मर्चेंट, अंशुल अंबानी, अनमोल अंबानी, नीना बेन कोठारी, दीप्ति सालगांवकर सहित परिवार के अन्य सदस्य और धनराज नाथवानी मौजूद रहे।
संध्या आरती के बाद श्रीमती दीक्षिता बहूजी ने भी कोकिलाबेन अंबानी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए आशीर्वाद दिया। इसके अलावा गोस्वामी तिलकायत राकेश महाराज और राजेश्वरी गोस्वामी से वीडियो कॉल के माध्यम से भी आशीर्वाद लिया गया।
इस अवसर पर महाप्रभुजी की बैठक में 51 वेदपाठी ब्राह्मणों द्वारा स्वस्तिवाचन और मंगलाचरण का पाठ किया गया, वहीं मोती महल चौक में भजन-कीर्तन के जरिए जन्मदिन की मंगलकामनाएं दी गईं। पूरे आयोजन के दौरान श्रीनाथजी मंदिर मंडल के अधिकारी, बोर्ड सदस्य और सेवा विभाग के सेवादार भी उपस्थित रहे।













