इंडिया ए.आई. इम्पैक्ट एक्सपो 2026: पंजाब की शिक्षा व्यवस्था को एआई से सशक्त बनाने की पहल

21 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

Punjab Desk:  पंजाब की शिक्षा प्रणाली को भविष्य के लिए तैयार करने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए, शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस के नेतृत्व में स्कूल शिक्षा विभाग का उच्च-स्तरीय प्रतिनिधिमंडल इंडिया ए.आई. इम्पैक्ट एक्सपो 2026 में शामिल हुआ। यह आयोजन भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित किया गया, जहां राज्य की विशाल स्कूली संरचना में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग और शिक्षा के रचनात्मक परिणामों को बेहतर बनाने पर व्यापक मंथन हुआ।

एक्सपो के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने Google, NVIDIA, OpenAI, Intel और Deloitte जैसी वैश्विक तकनीकी कंपनियों के साथ संवाद किया। इन चर्चाओं में व्यक्तिगत अनुकूलित शिक्षण (Personalized Adaptive Learning), मूलभूत साक्षरता और संख्यात्मक ज्ञान (FLN), एआई-सक्षम मूल्यांकन, बहुभाषी शिक्षण टूल्स, शिक्षक सहायता और स्कूल गवर्नेंस के लिए स्मार्ट मॉनिटरिंग सिस्टम जैसे विषय प्रमुख रहे। इसके साथ ही, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय और शिक्षा मंत्रालय के प्रतिनिधियों से भी नीति और डिजिटल इन्फ्रास्ट्रक्चर पर अहम जानकारियां साझा की गईं।

शिक्षा मंत्री ने पंजाब स्टार्टअप पैवेलियन का भी दौरा किया और Wadhwani AI, Gnani AI और Bodh AI जैसे एआई स्टार्टअप्स के साथ विचार-विमर्श किया। श्री बैंस ने कहा कि एआई को मजबूत नीतिगत ढांचे के साथ जोड़कर पंजाब ऐसा शिक्षा मॉडल विकसित करेगा, जहां तकनीक शिक्षकों के लिए सहयोगी साधन और हर विद्यार्थी के लिए एक व्यक्तिगत मार्गदर्शक की भूमिका निभाएगी।