सीएम सुक्खू और कैबिनेट मंत्री दिल्ली में राहुल गांधी–खड़गे से बैठक के लिए रवाना

20 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

Himachal Desk:  हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू कैबिनेट मंत्रियों के साथ गुरुवार को दिल्ली रवाना हो गए। शुक्रवार को उनकी मुलाकात कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से होगी। इस अहम बैठक में 16वें वित्त आयोग द्वारा हिमाचल प्रदेश को मिलने वाले राजस्व घाटा अनुदान (आरडीजी) को बंद किए जाने के मुद्दे पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। मुख्यमंत्री सुक्खू राहुल गांधी को बताएंगे कि आरडीजी समाप्त होने से प्रदेश की आर्थिक स्थिति पर कितना गहरा प्रभाव पड़ेगा और सरकार ने संसाधन जुटाने के लिए अब तक क्या प्रयास किए हैं।

सरकार की आगे की रणनीति और संभावित विकल्पों पर भी मंथन होगा। मुख्यमंत्री पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि हिमाचल अपने हक के लिए कानूनी और राजनीतिक दोनों स्तरों पर लड़ाई लड़ेगा। माना जा रहा है कि राहुल गांधी इस मुद्दे को संसद में भी उठा सकते हैं, क्योंकि केंद्रीय बजट अभी पारित होना बाकी है। बैठक में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार, प्रदेश मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल, सह-प्रभारी विदित चौधरी और चेतन चौहान भी मौजूद रहेंगे।