Delhi: पूर्व सेना प्रमुख एमएम नरवणे की अप्रकाशित किताब लीक होने का मामला, दिल्ली पुलिस ने प्रकाशक पेंगुइन को भेजा नोटिस

11 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

National Desk:  पूर्व सेना प्रमुख जनरल एम.एम. नरवणे की आगामी पुस्तक ‘फोर स्टार्स ऑफ डेस्टिनी’ के कथित रूप से लीक होने के मामले में दिल्ली पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने किताब के प्रकाशक पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।

पुलिस के मुताबिक, सोशल मीडिया और कुछ ऑनलाइन न्यूज फोरम पर यह जानकारी सामने आई थी कि पुस्तक की प्री-प्रिंट कॉपी इंटरनेट पर साझा की जा रही है। इन दावों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।

ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर मिली पीडीएफ कॉपी

शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि ‘फोर स्टार्स ऑफ डेस्टिनी’ शीर्षक से टाइपसेट की गई एक पीडीएफ कॉपी कुछ वेबसाइट्स पर उपलब्ध थी। पुलिस का कहना है कि यह कॉपी पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया द्वारा तैयार की गई प्री-प्रिंट प्रति प्रतीत होती है। इसके अलावा कुछ ऑनलाइन मार्केटिंग प्लेटफॉर्म पर पुस्तक का फाइनल कवर भी इस तरह दिखाया गया, मानो किताब बिक्री के लिए उपलब्ध हो।

गोपनीयता उल्लंघन की आशंका

दिल्ली पुलिस ने कहा है कि यह मामला एक ऐसी पुस्तक से जुड़ा है, जिसे अब तक आधिकारिक रूप से प्रकाशित या अंतिम मंजूरी नहीं मिली है। ऐसे में प्री-प्रिंट सामग्री का सार्वजनिक होना गोपनीयता और कॉपीराइट उल्लंघन की ओर इशारा करता है।

प्रकाशक से मांगी गई जानकारी

स्पेशल सेल द्वारा भेजे गए नोटिस में प्रकाशक से यह स्पष्ट करने को कहा गया है कि

  • प्री-प्रिंट कॉपी किन परिस्थितियों में तैयार की गई,

  • वह ऑनलाइन कैसे लीक हुई,

  • और इसमें किन व्यक्तियों या एजेंसियों की भूमिका हो सकती है।

दिल्ली पुलिस ने बताया कि जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।