07 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
Bollywood Desk: शुक्रवार को सिनेमाघरों में अलग-अलग जॉनर की दो नई फिल्में—‘वध 2’ और ‘भाबी जी घर पर हैं’ रिलीज़ हुईं, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर इनका सामना पहले से मजबूती से टिकी ‘बॉर्डर 2’ और ‘मर्दानी 3’ से रहा। नतीजा यह रहा कि नई फिल्मों की ओपनिंग उम्मीद के मुताबिक नहीं हो पाई।
‘वध 2’ की धीमी शुरुआत
संजय मिश्रा स्टारर फिल्म ‘वध 2’ को भले ही क्रिटिक्स से सराहना मिली हो, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर फिल्म पहले दिन खास कमाल नहीं दिखा सकी। सैकनिल्क के मुताबिक, फिल्म ने ओपनिंग डे पर सिर्फ 50 लाख रुपये का कलेक्शन किया।
मर्डर-थ्रिलर जॉनर की इस फिल्म में नीना गुप्ता, कुमुद मिश्रा, योगिता बिहानी और अक्षय डोगरा अहम भूमिकाओं में हैं। फिलहाल फिल्म का कुल कलेक्शन भी 50 लाख रुपये ही है।
‘भाबी जी घर पर हैं’ का कमजोर प्रदर्शन
टीवी के लोकप्रिय कॉमेडी शो पर आधारित फिल्म ‘भाबी जी घर पर हैं’ भी सिनेमाघरों में दर्शकों को खींचने में नाकाम रही। पहले दिन फिल्म ने महज 25 लाख रुपये की कमाई की।
हालांकि टीवी पर इस शो की जबरदस्त फैन फॉलोइंग है, लेकिन वही जादू बड़े पर्दे पर चलता नजर नहीं आया।
आठवें दिन भी ‘मर्दानी 3’ कायम
रानी मुखर्जी की फिल्म ‘मर्दानी 3’ की कमाई में आठवें दिन थोड़ी गिरावट देखने को मिली। सैकनिल्क के अनुसार, फिल्म ने शुक्रवार को 1.75 करोड़ रुपये का कारोबार किया, जबकि सातवें दिन यह आंकड़ा 1.85 करोड़ रुपये था।
फिल्म का कुल कलेक्शन अब तक 28.05 करोड़ रुपये हो चुका है। मेकर्स को अब वीकएंड से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।
‘बॉर्डर 2’ का दबदबा बरकरार
सनी देओल स्टारर ‘बॉर्डर 2’ बॉक्स ऑफिस पर अब भी मजबूती से टिकी हुई है। फिल्म ने 15वें दिन यानी शुक्रवार को 2.85 करोड़ रुपये की कमाई की, जबकि गुरुवार को इसका कलेक्शन 3.35 करोड़ रुपये रहा था।
अब तक फिल्म का कुल कारोबार 297.25 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है। आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक फिल्म अभी 300 करोड़ क्लब में पूरी तरह शामिल नहीं हो पाई है, हालांकि मेकर्स पहले ही यह दावा कर चुके हैं कि फिल्म यह आंकड़ा पार कर चुकी है।













