Home Business Stock Market Update: गुरुवार को सेंसेक्स-निफ्टी गिरावट के साथ खुले, डॉलर के...

Stock Market Update: गुरुवार को सेंसेक्स-निफ्टी गिरावट के साथ खुले, डॉलर के मुकाबले रुपया हल्का मजबूत

05 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

Business Desk:  हफ्ते के चौथे कारोबारी दिन गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत कमजोरी के साथ हुई। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 278.72 अंक टूटकर 83,538.97 पर आ गया, जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी 94 अंकों से ज्यादा की गिरावट के साथ 25,681.85 पर कारोबार करता दिखा।

वैश्विक बाजारों से मिले कमजोर संकेतों का असर घरेलू शेयर बाजार पर साफ नजर आया। बीते तीन कारोबारी दिनों की तेजी के बाद निवेशकों ने मुनाफावसूली का रुख अपनाया, जिससे बाजार दबाव में आ गया। हालांकि अमेरिकी डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपये में मामूली मजबूती देखने को मिली और रुपया दो पैसे चढ़कर कारोबार करता नजर आया। बुधवार को रुपया डॉलर के मुकाबले 11 पैसे कमजोर होकर 90.43 पर बंद हुआ था।

इन शेयरों पर दिखा दबाव
सेंसेक्स की कंपनियों में इंटरग्लोब एविएशन, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, एक्सिस बैंक, लार्सन एंड टुब्रो, टाटा स्टील और भारती एयरटेल के शेयर गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे।

इन शेयरों में रही मजबूती
वहीं दूसरी ओर हिंदुस्तान यूनिलीवर, ट्रेंट, एनटीपीसी, इंफोसिस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के शेयरों में शुरुआती बढ़त देखने को मिली।

एशियाई बाजारों का हाल
एशियाई बाजारों में भी कमजोरी का माहौल रहा। दक्षिण कोरिया का कोस्पी सूचकांक तीन प्रतिशत से अधिक गिरा, जबकि जापान का निक्केई 225, शंघाई का एसएसई कंपोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग सूचकांक भी लाल निशान में कारोबार कर रहे थे।

इससे पहले बुधवार को शेयर बाजार मामूली बढ़त के साथ बंद हुए थे। सेंसेक्स 78.56 अंक की बढ़त के साथ 83,817.69 पर और निफ्टी 48.45 अंक चढ़कर 25,776 पर बंद हुआ था।