भावुक शपथ समारोह में सुनेत्रा पवार बनीं महाराष्ट्र की पहली महिला डिप्टी सीएम, प्रधानमंत्री मोदी ने दी शुभकामनाएं

02 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

National Desk:  महाराष्ट्र की राजनीति में एक ऐतिहासिक पल तब देखने को मिला, जब सुनेत्रा पवार ने भरी आंखों के साथ राज्य की पहली महिला उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। लोक भवन में आयोजित समारोह में राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस मौके पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे समेत भाजपा और एनसीपी के कई वरिष्ठ नेता व मंत्री मौजूद रहे।

28 जनवरी को बारामती में हुए विमान हादसे में उपमुख्यमंत्री अजित पवार के आकस्मिक निधन के बाद यह पद खाली हुआ था। इसके बाद राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) ने सुनेत्रा पवार को विधायक दल का नेता चुना। शपथ ग्रहण से पहले उन्होंने अपनी राज्यसभा सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया। अब वह अजित पवार के निधन से रिक्त हुई बारामती सीट से उपचुनाव लड़ेंगी।

प्रधानमंत्री मोदी ने दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुनेत्रा पवार को महाराष्ट्र की डिप्टी सीएम बनने पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा कि सुनेत्रा पवार पहली महिला हैं, जिन्होंने यह जिम्मेदारी संभाली है। पीएम मोदी ने भरोसा जताया कि वह राज्य की जनता की भलाई के लिए समर्पित भाव से काम करेंगी और दिवंगत अजित पवार के विजन को आगे बढ़ाएंगी।

भावुक रहा शपथ समारोह
शपथ ग्रहण समारोह के दौरान माहौल बेहद भावुक रहा। सुनेत्रा पवार के पहुंचते ही मौजूद विधायकों, पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने ‘अजित दादा अमर रहें’, ‘भाभी आप आगे बढ़ो, हम आपके साथ हैं’ जैसे नारे लगाए। इस मौके पर एनसीपी के वरिष्ठ नेता छगन भुजबल ने विधायक दल नेता के रूप में सुनेत्रा पवार के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसे दिलीप वाल्से-पाटिल ने समर्थन दिया। इसके बाद उन्हें सर्वसम्मति से नेता चुना गया।

गौरतलब है कि सुनेत्रा पवार ने 2024 का लोकसभा चुनाव लड़ा था, हालांकि उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। बाद में उन्हें राज्यसभा के लिए मनोनीत किया गया था। डिप्टी सीएम पद संभालने के बाद उन्होंने सांसद पद से इस्तीफा दे दिया। इस तरह सुनेत्रा पवार ने महाराष्ट्र की पहली महिला उपमुख्यमंत्री बनकर इतिहास रच दिया है।