हरियाणा सरकार में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 5 IAS और 1 IRPS अधिकारियों के तबादले

28 जनवरी, 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

Haryana Desk: हरियाणा सरकार ने बुधवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए तत्काल प्रभाव से 5 आईएएस और 1 आईआरपीएस अधिकारी के तबादले व नई नियुक्तियों के आदेश जारी किए हैं। इस फेरबदल में कई महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। सुधीर राजपाल को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण समेत अन्य विभागों से हटाकर गृह, कारागार, आपराधिक जांच एवं न्याय प्रशासन विभाग का अतिरिक्त मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है, साथ ही पर्यावरण, वन एवं वन्यजीव विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी उन्हें सौंपा गया है। वहीं डॉ. सुमिता मिश्रा को राजस्व एवं आपदा प्रबंधन और चकबंदी विभाग का अतिरिक्त मुख्य सचिव बनाया गया है तथा उन्हें स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं आयुष विभाग का वित्तायुक्त भी नियुक्त किया गया है। अरुण कुमार गुप्ता को मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव के साथ-साथ वित्त एवं योजना विभाग का अतिरिक्त मुख्य सचिव बनाया गया है। साकेत कुमार को शहरी स्थानीय निकाय विभाग के आयुक्त एवं सचिव और कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के सदस्य सचिव का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। राम कुमार सिंह को राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग में विशेष सचिव बनाए रखते हुए पंचकूला महानगर विकास प्राधिकरण का अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं आईआरपीएस अधिकारी विनय कुमार को नगर निगम पंचकूला का आयुक्त, जिला नगर आयुक्त पंचकूला और हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग का विशेष कार्य अधिकारी नियुक्त किया गया है। यह प्रशासनिक बदलाव राज्य सरकार द्वारा कार्यकुशलता और प्रशासनिक संतुलन को मजबूत करने के उद्देश्य से किया गया है।