23 जनवरी, 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
National Desk: जम्मू-कश्मीर में भारतीय सेना के साथ एक बेहद दुखद और दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। डोडा जिले में गुरुवार दोपहर सेना का एक वाहन गहरी खाई में गिर गया, जिसमें देश के 10 बहादुर जवान शहीद हो गए। हादसे में करीब 10 अन्य सैनिक घायल हुए हैं, जिनमें से 2 से 3 जवानों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
गंभीर रूप से घायल जवानों को बेहतर इलाज के लिए एयरलिफ्ट कर उधमपुर स्थित आर्मी कमांड हॉस्पिटल भेजा गया है, जबकि अन्य घायलों का उपचार डोडा में ही जारी है। सभी घायल सैनिकों को लगातार मेडिकल निगरानी में रखा गया है।
खानी टॉप इलाके में हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, यह भीषण दुर्घटना डोडा के खानी टॉप क्षेत्र में भद्रवाह–चंबा मार्ग पर हुई। उस समय सेना के लगभग 20 जवान एक ऊपरी इलाके में स्थित पोस्ट की ओर जा रहे थे। अचानक वाहन चालक का नियंत्रण गाड़ी से हट गया और वाहन सीधे गहरी खाई में जा गिरा।
हादसे की सूचना मिलते ही सेना और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। दुर्गम क्षेत्र और खराब मौसम के बावजूद राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू किया गया। घायलों को मौके पर प्राथमिक उपचार देने के बाद अस्पताल पहुंचाया गया।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जताया शोक
इस दर्दनाक हादसे पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा,
“डोडा में हुए दुखद सड़क हादसे से अत्यंत व्यथित हूं, जिसमें हमने भारतीय सेना के 10 बहादुर जवानों को खो दिया। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। घायल जवानों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा दी जा रही है और सभी आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं। इस कठिन समय में पूरा देश अपने सैनिकों और उनके परिवारों के साथ खड़ा है।”
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने भी जताया दुख
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने भी हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए कहा,
“डोडा में हुए इस दुर्भाग्यपूर्ण हादसे में हमारे 10 वीर सैनिकों के बलिदान से गहरा दुख हुआ है। देश उनकी सेवा और सर्वोच्च बलिदान को हमेशा याद रखेगा। घायलों को एयरलिफ्ट कर इलाज दिया जा रहा है और अधिकारियों को सर्वोत्तम उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।”
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह का बयान
केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने बताया कि उन्होंने डोडा के डीसी और उधमपुर कमांड हॉस्पिटल के अधिकारियों से बात की है। उन्होंने कहा,
“भद्रवाह-चंबा रोड पर सेना के वाहन के हादसे की खबर से गहरा दुख हुआ है। सभी घायलों को हर संभव चिकित्सा सहायता दी जा रही है। हमारे वीर जवानों के प्रति श्रद्धांजलि व्यक्त करने के लिए शब्द कम पड़ रहे हैं।”













