दिल्ली: तुर्कमान गेट में अवैध निर्माण हटाने पहुंची MCD–पुलिस टीम पर पथराव, आंसू गैस छोड़ी गई

07 जनवरी, 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

National Desk : रामलीला मैदान के पास तुर्कमान गेट इलाके में स्थित फैज-ए-इलाही मस्जिद के करीब अवैध निर्माण हटाने गई MCD और पुलिस टीम पर सोमवार देर रात पथराव किया गया। दिल्ली हाईकोर्ट के आदेश पर 6 जनवरी की रात करीब 1 बजे अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू हुई थी। हालात बिगड़ने पर पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। इस दौरान 4–5 पुलिसकर्मी और अधिकारी मामूली रूप से घायल हो गए।

एमसीडी ने 17 बुलडोजरों की मदद से मस्जिद और कब्रिस्तान से सटी जमीन पर बने बारात घर, डायग्नोस्टिक सेंटर और कुछ दुकानों को ढहाया। कार्रवाई के दौरान भीड़ ने बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश की और कर्मचारियों व पुलिस पर पत्थर फेंके। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए भीड़ को गलियों में खदेड़ दिया।

सेंट्रल रेंज के जॉइंट कमिश्नर ऑफ पुलिस मधुर वर्मा ने बताया कि हालात नियंत्रण में हैं। पूरे इलाके को 9 जोन में बांटा गया है और हर जोन की जिम्मेदारी ADCP स्तर के अधिकारी को सौंपी गई है। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और वीडियो फुटेज के आधार पर पथराव करने वालों की पहचान की जाएगी।

डीसीपी निधिन वलसन ने कहा कि यह कार्रवाई दिल्ली हाईकोर्ट के निर्देशों के तहत की जा रही है और फिलहाल जारी है। मलबा ट्रकों में भरकर इलाके को खाली कराया जा रहा है।

मामले की पृष्ठभूमि:
फैज-ए-इलाही मस्जिद की प्रबंधन समिति ने 22 दिसंबर 2025 को जारी एमसीडी के आदेश को दिल्ली हाईकोर्ट में चुनौती दी थी। एमसीडी का कहना है कि मस्जिद के बाहर करीब 0.195 एकड़ अतिरिक्त जमीन पर बने ढांचे अवैध हैं और उनके स्वामित्व या वैध कब्जे से जुड़े दस्तावेज पेश नहीं किए गए हैं। वहीं मस्जिद समिति का दावा है कि यह जमीन वक्फ संपत्ति है और कब्रिस्तान को लेकर उनकी मुख्य आपत्ति है।

6 जनवरी को दिल्ली हाईकोर्ट ने इस मामले में एमसीडी, शहरी विकास मंत्रालय, डीडीए और दिल्ली वक्फ बोर्ड समेत संबंधित विभागों को नोटिस जारी कर 4 हफ्ते में जवाब मांगा है। मामले की अगली सुनवाई 22 अप्रैल को होगी।