Vijay Hazare Trophy 2025-26: पहले ही दिन रिकॉर्ड्स की बारिश, 22 शतक और 574 रन; बने 10 बड़े कीर्तिमान

Vijay Hazare Trophy 2025-26: पहले ही दिन रिकॉर्ड्स की बारिश, 22 शतक और 574 रन; बने 10 बड़े कीर्तिमान

25 दिसंबर, 2025 फैक्ट रिकॉर्डर

Sports Desk:  Vijay Hazare Trophy made History: विजय हजारे ट्रॉफी 2025–26 का पहला दिन भारतीय घरेलू क्रिकेट के इतिहास में सुनहरे अक्षरों में दर्ज हो गया। देशभर के अलग-अलग मैदानों पर खेले गए मुकाबलों में बल्लेबाजों का ऐसा दबदबा देखने को मिला कि गेंदबाज पूरी तरह बेबस नजर आए। एक ही दिन में कुल 22 शतक जड़े गए, जिससे इस टूर्नामेंट का पुराना रिकॉर्ड टूट गया। इससे पहले एक दिन में अधिकतम 19 शतक का रिकॉर्ड था।

इस ऐतिहासिक दिन पर विराट कोहली, रोहित शर्मा, ईशान किशन, वैभव सूर्यवंशी और देवदत्त पडिक्कल जैसे बड़े नामों ने शानदार पारियां खेलीं, लेकिन असली चर्चा एक कम चर्चित बल्लेबाज और एक 14 साल के किशोर ने बटोरी।

विराट कोहली की यादगार वापसी

15 साल बाद विजय हजारे ट्रॉफी में वापसी कर रहे विराट कोहली ने दिल्ली की ओर से आंध्र प्रदेश के खिलाफ 101 गेंदों में 131 रन की क्लासिक पारी खेली। नीतिश राणा (77) और प्रियंश आर्य (74) के सहयोग से दिल्ली ने 299 रनों का लक्ष्य महज 37.4 ओवर में हासिल कर लिया। इस शतक के साथ विराट ने लिस्ट-ए क्रिकेट में 16,000 रन पूरे किए और यह मुकाम सबसे कम पारियों में हासिल करने वाले बल्लेबाज बने।

रोहित शर्मा का हिटमैन शो

मुंबई के लिए खेलते हुए रोहित शर्मा ने सिक्किम के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। उन्होंने 94 गेंदों में 155 रन बनाए, जिसमें 18 चौके और 9 छक्के शामिल थे। मुंबई ने 237 रनों का लक्ष्य सिर्फ 30.3 ओवर में हासिल कर लिया। लंबे समय बाद घरेलू वनडे में रोहित पूरी लय में दिखे।

ईशान किशन का तूफान

झारखंड की ओर से ईशान किशन ने कर्नाटक के खिलाफ सिर्फ 39 गेंदों में 125 रन ठोक दिए। उनकी पारी में 7 चौके और 14 छक्के शामिल थे, जिससे झारखंड 412 रन तक पहुंचा। हालांकि देवदत्त पडिक्कल के 147 रनों की बदौलत कर्नाटक ने यह लक्ष्य आसानी से हासिल कर लिया।

बिहार ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड

प्लेट ग्रुप में बिहार ने अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ लिस्ट-ए क्रिकेट का नया विश्व रिकॉर्ड बना दिया। बिहार ने 6 विकेट पर 574 रन बनाए, जो इस फॉर्मेट का सर्वोच्च टीम स्कोर है। कप्तान साकिबुल गनी ने सिर्फ 32 गेंदों में शतक जड़ा, जबकि 14 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने 84 गेंदों में 190 रन की ऐतिहासिक पारी खेली। आयुष लोहारुका ने भी 116 रन बनाए। बिहार की पारी में कुल 49 चौके और 38 छक्के लगे।

स्वास्तिक सामल बने दिन के सबसे बड़े सितारे

ओडिशा के 25 वर्षीय बल्लेबाज स्वास्तिक सामल ने सौराष्ट्र के खिलाफ 169 गेंदों में 212 रन की शानदार पारी खेली। 21 चौकों और 8 छक्कों से सजी यह पारी उन्हें ओडिशा की ओर से लिस्ट-ए क्रिकेट में दोहरा शतक लगाने वाला पहला बल्लेबाज बना गई। भले ही टीम जीत न सकी, लेकिन सामल दिन के सबसे बड़े हीरो रहे।

इसके अलावा अर्पित भटेवरा, रिकी भुई, यश दुबे, सम्मर गज्जर, स्नेहल कौथंकर, शुभम खजुरिया, किशन लिंगदोह, अमन मोखड़े, हिमांशु राणा, रवि सिंह, ध्रुव शौरी, फिरोजमन जोतिन, विष्णु विनोद और बिप्लब सामंत्रे जैसे खिलाड़ियों ने भी शतक जड़कर इस दिन को ऐतिहासिक बना दिया।

कुल मिलाकर, विजय हजारे ट्रॉफी का पहला दिन रनों और रिकॉर्ड्स की बाढ़ लेकर आया, जिसने टूर्नामेंट को शुरुआत से ही बेहद रोमांचक बना दिया है।