16 दिसंबर, 2025 फैक्ट रिकॉर्डर
Health Desk: कब्ज एक आम समस्या है, जिससे कभी न कभी लगभग हर व्यक्ति जूझता है। आमतौर पर लोग इसे हल्के में लेकर घरेलू उपायों या दवाओं से ठीक करने की कोशिश करते हैं। लेकिन अगर कब्ज लंबे समय तक बनी रहे, तो यह सिर्फ पेट की परेशानी नहीं रह जाती, बल्कि सेहत के लिए गंभीर खतरा बन सकती है। सवाल उठता है कि क्या लंबे समय तक कब्ज रहने से कैंसर का खतरा भी बढ़ सकता है?
इस विषय पर मैक्स अस्पताल के ऑन्कोलॉजी विभाग के विशेषज्ञ डॉ. रोहित कपूर बताते हैं कि कुछ दिनों तक कब्ज रहना आम बात है और इससे घबराने की जरूरत नहीं होती। लेकिन अगर यह समस्या महीनों या सालों तक बनी रहे, तो इसे नजरअंदाज करना खतरनाक हो सकता है।
क्या कब्ज से कोलन कैंसर का खतरा बढ़ता है?
डॉ. कपूर के अनुसार, लंबे समय तक कब्ज रहने पर मल आंतों में जमा रहने लगता है। इससे आंतों की अंदरूनी परत में सूजन आ सकती है। लगातार बनी रहने वाली यह सूजन कुछ मामलों में पॉलीप्स का रूप ले सकती है, जो आगे चलकर कोलन कैंसर का कारण बन सकते हैं। हालांकि हर कब्ज का मामला कैंसर में नहीं बदलता, लेकिन जोखिम जरूर बढ़ जाता है।
उन्होंने यह भी बताया कि लंबे समय तक कब्ज रहने से बवासीर और फिशर जैसी समस्याएं हो सकती हैं, जो समय के साथ गंभीर रूप ले सकती हैं। अगर 5–6 महीने से कब्ज की शिकायत बनी हुई है और किसी उपाय से राहत नहीं मिल रही, तो डॉक्टर से जांच कराना बेहद जरूरी है।
कैंसर के संभावित शुरुआती संकेत
अचानक वजन कम होना
पेट में लगातार दर्द रहना
भूख में कमी
हर समय थकान महसूस होना
इन लक्षणों को हल्के में लेने की गलती नहीं करनी चाहिए।
कब्ज से बचाव के आसान उपाय
रोजाना कम से कम 7–8 गिलास पानी पिएं
खाने में फाइबर युक्त चीजें शामिल करें, जैसे फल और सब्जियां (सेब, संतरा आदि)
रोजाना हल्की एक्सरसाइज या वॉक जरूर करें
अगर कब्ज लंबे समय तक बनी रहे, तो खुद दवा लेने के बजाय डॉक्टर से सलाह लें
डॉक्टरों का कहना है कि सही खानपान, पर्याप्त पानी और सक्रिय जीवनशैली अपनाकर कब्ज से बचा जा सकता है और गंभीर बीमारियों के खतरे को भी काफी हद तक कम किया जा सकता है।













