15 दिसंबर, 2025 फैक्ट रिकॉर्डर
Punjab Desk: सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत आज बठिंडा की अदालत में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पेश होंगी। यह मामला किसान आंदोलन के दौरान सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणी से जुड़ा है। दूसरी ओर, शिकायतकर्ता बुजुर्ग महिला महिंदर कौर के पति अपने वकील के साथ अदालत में मौजूद रहेंगे। पिछली सुनवाई में अदालत ने महिंदर कौर और एक गवाह के बयान दर्ज किए थे।
यह मानहानि का मामला वर्ष 2020-21 के किसान आंदोलन के दौरान सामने आया था। आरोप है कि कंगना रनौत ने ट्विटर पर एक री-ट्वीट के जरिए बठिंडा जिले की रहने वाली बुजुर्ग महिला महिंदर कौर को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इस पोस्ट में उनकी तुलना शाहीन बाग आंदोलन की बुजुर्ग महिला बिलकिस बानो से की गई थी, जिसके बाद महिंदर कौर ने अदालत में केस दर्ज कराया।
मामले में इससे पहले 27 अक्टूबर को कंगना रनौत बठिंडा कोर्ट में पेश हुई थीं। इसके बाद 24 नवंबर की सुनवाई में अदालत ने उनके खिलाफ आरोप तय किए थे। पेशी के दौरान कंगना ने बुजुर्ग महिला से माफी भी मांगी थी और कहा था कि वे सभी माताओं का सम्मान करती हैं, चाहे वे हिमाचल की हों या पंजाब की।
हालांकि, महिंदर कौर ने माफी स्वीकार करने से इनकार कर दिया था और कहा था कि वे इस मामले को आखिरी दम तक अदालत में लड़ेंगी। अब आज की सुनवाई में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कंगना रनौत की पेशी पर सबकी नजरें टिकी हैं।













