12 दिसंबर, 2025 फैक्ट रिकॉर्डर
Entertainment Desk: असम के लोकप्रिय गायक जुबीन गर्ग की मौत मामले में स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) आज यानी शुक्रवार को चार्जशीट दायर करने जा रही है। मामले की जांच महीनों तक चलने के बाद यह कदम न्याय की दिशा में निर्णायक माना जा रहा है।
गुवाहाटी में दर्ज घटनाओं और 60 से अधिक FIR के आधार पर बनी SIT ने जांच का नेतृत्व किया। मामले में अब तक सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें से पांच बक्सा जिले की जिला जेल में हैं, जबकि दो को दीमा हसाओ के हाफलोंग सब-जेल में रखा गया है। चार्जशीट में आरोपियों की भूमिका, घटनाक्रम और तकनीकी साक्ष्यों का विस्तृत विवरण शामिल होगा।
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि पुलिस की भूमिका अब लगभग पूर्ण हो चुकी है और मामला अब अदालत में न्यायिक प्रक्रिया के दायरे में प्रवेश करेगा। उन्होंने जनता से न्याय प्रणाली पर भरोसा रखने की अपील की और कहा, “दोषी को सजा अवश्य मिलेगी।”
SIT प्रमुख और स्पेशल DGP (CID) मुन्ना प्रसाद गुप्ता ने पुष्टि की कि जांच से जुड़े सभी पहलुओं को दस्तावेजों में शामिल कर लिया गया है। इसमें सिंगापुर में हुए हादसे से संबंधित मेडिकल रिपोर्ट, घटनास्थल की परिस्थितियाँ और डिजिटल साक्ष्य प्रमुख हैं।
जुबीन गर्ग की मौत ने न केवल असम के कलाकार जगत बल्कि पूरे राज्य को झकझोर दिया था। उनके निधन को लेकर उठे संदेहों ने जनभावनाओं को भी गहरा प्रभावित किया। चार्जशीट दायर होने के बाद मामले में न्याय मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।













