24 नवंबर, 2025 फैक्ट रिकॉर्डर
International Desk: पाकिस्तान के पेशावर में सोमवार सुबह फेडरल कॉन्स्टेबुलरी (पूर्व में फ्रंटियर कॉन्स्टेबुलरी) के मुख्यालय पर बड़ा हमला हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मुख्यालय के पास लगातार कई धमाकों की आवाजें सुनाई दीं, जिसके बाद इलाके को तुरंत खाली कराया गया। पाकिस्तान की सुरक्षा एजेंसियों ने बताया कि इस हमले में शामिल सभी आत्मघाती हमलावरों को मार गिराया गया है। हमले में पुलिस दल के तीन जवान शहीद हुए हैं, जबकि दो अन्य घायल हुए हैं।
‘द डॉन’ की रिपोर्ट के अनुसार, हमला सुबह लगभग 8 बजे सद्दार-कोहत रोड पर हुआ। पहले एक आत्मघाती हमलावर ने मुख्यालय के मुख्य गेट पर खुद को विस्फोट से उड़ा लिया। धमाके के तुरंत बाद फायरिंग शुरू हो गई। इसी दौरान एक अन्य हमलावर ने इमारत में घुसने की कोशिश की, लेकिन सुरक्षाबलों ने उसे ढेर कर दिया। पूरे क्षेत्र को घेरते हुए राहत और बचाव अभियान शुरू कर दिया गया।
घटना के बाद पेशावर के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल, लेडी रीडिंग हॉस्पिटल, में आपातकाल घोषित कर दिया गया। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, छह घायलों को इलाज के लिए लाया गया है, जिनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
फेडरल कॉन्स्टेबुलरी का मुख्यालय पेशावर के व्यस्त इलाके में स्थित है और इसके निकट ही सैन्य छावनी भी है। गौरतलब है कि पिछले कुछ वर्षों में पाकिस्तान, विशेष रूप से खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान प्रांतों में, आतंकी हमलों में तेजी से वृद्धि देखी गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) और सरकार के बीच शांति समझौते के टूटने के बाद हालात और बिगड़े हैं।













