22 नवंबर, 2025 फैक्ट रिकॉर्डर
Lifestyle Desk: सर्दियों का मौसम आते ही घरों में पारंपरिक मीठे व्यंजन बनना शुरू हो जाते हैं, जो इस ठंडे मौसम को और भी सुखद और खास बना देते हैं। उत्तर भारत में जहां गाजर का हलवा और मावे की पिन्नियां हर घर की पहचान बन जाती हैं, वहीं राजस्थान की गुड़-घी वाली लापसी सर्दी में गर्माहट लाती है। लेकिन जब बात मिठाइयों की आती है, तो बंगाल का स्वाद सबसे अलग और लाजवाब माना जाता है। इसी स्वाद की खासियत है बंगाली विंटर डेज़र्ट—दूध पुली, जो बिहार के दूध पीठा से मिलता-जुलता है और ठंड के मौसम में खास तौर पर बनाया जाता है।
बंगाल की मशहूर मिठाइयों—रसगुल्ला, पातिशप्ता और पायेश—की तरह दूध पुली भी अपनी खास महक और मुलायम स्वाद के लिए मशहूर है। सर्दियों में बनने वाला यह डेज़र्ट नारियल, गुड़ और दूध के मेल से तैयार किया जाता है, जिसका हर कौर मीठी गर्माहट से भरा होता है।
दूध पुली बनाने के लिए चावल का आटा, सूजी, नारियल, गुड़, हरी इलायची, फुल-फैट दूध और सूखे मेवे जैसे सरल सामग्री की जरूरत होती है। पहले चावल के आटे और सूजी से नरम आटा तैयार किया जाता है, फिर नारियल और गुड़ की फिलिंग बनाई जाती है। छोटी-छोटी पूरियां बेलकर उनमें फिलिंग भरकर पुली तैयार की जाती है। इसके बाद इन्हें धीमी आंच पर उबलते हुए दूध में पकाया जाता है, जब तक कि दूध गाढ़ा न होने लगे और पुलियां पूरी तरह से फ्लेवर सोख न लें।
अंत में काजू, किशमिश और पिस्ता डालकर इसे परोसा जाता है। दूध पुली को आप हल्का गरम खा सकते हैं या ठंडा करके भी—लेकिन सर्दियों में इसका गरमागर्म स्वाद दिल को खास गर्माहट देता है।













