21 नवंबर, 2025 फैक्ट रिकॉर्डर
Chandigarh Desk: चंडीगढ़ में शुक्रवार सुबह एक गंभीर सड़क हादसा हो गया। एक बाइक पर ट्रिपल राइडिंग कर रहे तीन युवक सेक्टर 22/23 लाइट प्वाइंट के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गए। हादसे में 16 वर्षीय विवेक, निवासी पिंजौर-पंचकूला, की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक घायल हुए हैं। दोनों को सेक्टर-16 के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से एक युवक राहुल को हालत गंभीर होने पर पीजीआई रेफर कर दिया गया।
दूसरे घायल युवक राजू, निवासी मुल्लापुर, इलाज के बाद अस्पताल से अचानक गायब हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मृतक विवेक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, जिसके बाद परिजनों को सौंपा जाएगा।
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के मुताबिक, विवेक गुरुवार शाम मुल्लापुर में अपनी बुआ के घर आया था। शुक्रवार सुबह वह अपने दो साथियों के साथ मोटरसाइकिल से पिंजौर लौट रहा था। इसी दौरान उनकी बाइक अचानक स्किट हो गई और सड़क किनारे पड़े पत्थरों से टकरा गई। तीनों युवक जोर से सड़क पर गिर पड़े। माना जा रहा है कि बाइक तेज रफ्तार में थी, जिसकी वजह से हादसा हुआ।
शहर में 24 घंटे में दूसरा बड़ा हादसा
बीते 24 घंटों में यह चंडीगढ़ का दूसरा बड़ा सड़क हादसा है। गुरुवार दोपहर मौली जागरा थाना क्षेत्र में एक एक्टिवा सवार युवक की स्कूल बस की चपेट में आने से मौत हो गई थी। मृतक की पहचान 38 वर्षीय द्वारका यादव के रूप में हुई, जो चरण सिंह कॉलोनी का निवासी था और दूध का काम करता था।
पुलिस दोनों मामलों में सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और जांच जारी है।













