11 नवंबर, 2025 फैक्ट रिकॉर्डर
Himachal Desk: दिल्ली धमाके के बाद कई राज्यों में हाई अलर्ट, हिमाचल में बढ़ाई गई चौकसी — वाहनों की सख्त चेकिंग और पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास कार में हुए धमाके के बाद देशभर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। दिल्ली-एनसीआर, हिमाचल, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, मुंबई और उत्तराखंड सहित कई राज्यों में हाई अलर्ट जारी किया गया है। सभी रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों, हवाई अड्डों और धार्मिक स्थलों पर सघन निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।
हिमाचल में भी सतर्कता बढ़ाते हुए शिमला के प्रवेशद्वार शोघी सहित कई स्थानों पर वाहनों की गहन चेकिंग की जा रही है। प्रदेश पुलिस ने सभी सीमावर्ती और संवेदनशील जिलों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया है। साथ ही आम नागरिकों के लिए एक एडवाइजरी भी जारी की गई है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे सतर्क रहें, किसी भी संदिग्ध वस्तु, लावारिस बैग या वाहन की सूचना तुरंत पुलिस थाने या 112 नंबर पर दें। इसके साथ ही अफवाहें फैलाने से बचें और सुरक्षा जांच में सहयोग करें।
एडवाइजरी में कहा गया है कि घबराने की आवश्यकता नहीं है, लेकिन नागरिकों की सजगता और समय पर दी गई सूचना सुरक्षा व्यवस्था के लिए बेहद जरूरी है। पुलिस ने सामुदायिक सतर्कता बढ़ाने और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत साझा करने की अपील की है।













