देव समाज कॉलेज ऑफ एजुकेशन के विद्यार्थियों ने किया नशा-मुक्ति पर जागरूकता नुक्कड़ नाटक का आयोजन

देव समाज कॉलेज ऑफ एजुकेशन के विद्यार्थियों ने किया नशा-मुक्ति पर जागरूकता नुक्कड़ नाटक का आयोजन
चंडीगढ़,11 नवंबर, 2025 फैक्ट रिकॉर्डर
Chandigarh Desk:  देव समाज कॉलेज ऑफ एजुकेशन, सेक्टर-36बी, चंडीगढ़ के पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन चाइल्ड गाइडेंस एंड फैमिली काउंसलिंग तथा डिप्लोमा इन गाइडेंस एंड काउंसलिंग के विद्यार्थियों ने आज सेक्टर-17 स्थित नीलम सिनेमा के सामने “नशा मुक्त भारत अभियान” विषय पर एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, अभिभावक और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
यह नाटक कॉलेज की कार्यवाहक प्राचार्य प्रो. ऋचा शर्मा के मार्गदर्शन और प्रोत्साहन से आयोजित किया गया।
प्रो. शर्मा ने कहा, “युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति चिंता का विषय है। शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री तक सीमित नहीं, बल्कि समाज में जागरूकता और जिम्मेदारी का संदेश देना भी है। हमारे विद्यार्थी इसी दिशा में सार्थक योगदान दे रहे हैं।”
नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों ने नशे के कारण परिवारों पर पड़ने वाले दुष्प्रभाव, स्वास्थ्य समस्याओं, अपराध, और मानसिक तनाव को जीवंत उदाहरणों के साथ प्रस्तुत किया। दर्शकों ने विद्यार्थियों के संवाद, अभिनय और संदेशपूर्ण प्रस्तुति की सराहना की।
कार्यक्रम का उद्देश्य नशा-निवारण, आत्म-संयम, काउंसलिंग की मदद और सामुदायिक सहयोग के महत्व को जन-जन तक पहुँचाना था।
छात्रों ने शपथ ली कि वे अपने आसपास नशा-विरोधी जागरूकता फैलाते रहेंगे और समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
कॉलेज प्रबंधन ने घोषणा की कि आने वाले दिनों में इसी तरह के जागरूकता कार्यक्रम शहर के अन्य प्रमुख स्थानों पर भी आयोजित किए जाएंगे।