हरियाणा चुनाव रद्द कराने सुप्रीम कोर्ट जाएगी कांग्रेस, चिरंजीवी राव का आरोप — 25 लाख वोट चोरी हुए

हरियाणा चुनाव रद्द कराने सुप्रीम कोर्ट जाएगी कांग्रेस, चिरंजीवी राव का आरोप — 25 लाख वोट चोरी हुए

11 नवंबर, 2025 फैक्ट रिकॉर्डर

Haryana Desk: रेवाड़ी में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के दामाद और कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव चिरंजीवी राव ने बड़ा बयान दिया। उन्होंने घोषणा की कि कांग्रेस पार्टी हरियाणा विधानसभा चुनाव रद्द कराने के लिए सुप्रीम कोर्ट जाएगी। साथ ही उन्होंने प्रदेश में राष्ट्रपति शासन लागू करने और कथित वोट चोरी की जांच सिटिंग जज से कराने की मांग की।

चिरंजीवी राव ने आरोप लगाया कि हरियाणा में 25 लाख से अधिक वोट चोरी किए गए, जिनमें केवल रेवाड़ी में करीब 32 हजार वोटों की अनियमितता सामने आई है। उनका कहना था कि कई इलाकों में एक ही घर के पते पर 200 से 250 वोट दर्ज किए गए हैं, जो गंभीर चुनावी धांधली का सबूत है।

उन्होंने यह भी दावा किया कि रेवाड़ी विधानसभा चुनाव के दौरान 40 से 50 मिनट तक सीसीटीवी कैमरे बंद रहे। राव ने बताया कि उन्होंने आरटीआई के जरिए फुटेज की मांग की, लेकिन अब तक जानकारी नहीं दी गई।

बिहार से लौटे राव ने वहां भी वोट चोरी के प्रयासों का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने हरियाणा से ट्रेन भरकर बिहार में लोगों को वोट डालने भेजा, जो लोकतंत्र के खिलाफ है। उन्होंने विश्वास जताया कि बिहार में महागठबंधन पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगा

रेवाड़ी की स्थिति पर बोलते हुए राव ने स्थानीय विधायक के झाड़ू अभियान को “ढोंग” बताया। उन्होंने कहा कि धारूहेड़ा और रेवाड़ी शहर में गंदगी और प्रदूषण की स्थिति भयावह है, और अब प्रशासन AQI मॉनिटरिंग मशीन को धारूहेड़ा से रेवाड़ी शिफ्ट कर सच्चाई छिपाने की कोशिश कर रहा है।

कांग्रेस नेता ने नगर परिषद चेयरपर्सन को भी विफल बताया और 200 बेड के अस्पताल के निर्माण कार्य में देरी पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जनता इन मुद्दों पर जवाब चाहती है और कांग्रेस न्याय की लड़ाई सुप्रीम कोर्ट तक ले जाएगी।