10 नवंबर, 2025 फैक्ट रिकॉर्डर
Bollywood Desk: भोजपुरी सिनेमा की मशहूर अभिनेत्री रानी चटर्जी और संजना पांडे जल्द ही फिल्म ‘यूपी वाली-बिहार वाली’ में नजर आएंगी। फिल्म की शूटिंग हाल ही में शुरू हुई है। रानी चटर्जी ने सेट से पूजा-पाठ और पारंपरिक पोशाक में तस्वीरें इंस्टाग्राम पर शेयर कीं, लेकिन असली मस्ती तो ऑफ-स्क्रीन पलों में दिखाई दी। उनके वीडियो में दोनों अभिनेत्री हंसी-मजाक करती हुई नजर आ रही हैं।
रानी ने वीडियो के बैकग्राउंड में गाना ‘काइको सोरहो शिंगार’ ऐड किया और कैप्शन लिखा, “यूपी वाली-बिहार वाली कैमरे के सामने कैसी हैं, वो तो जब फिल्म आएगी तब पता चलेगा, पर कैमरे के पीछे तो ऐसी हैं।” यह गाना 2015 की फिल्म ‘पियावा बड़ा सतावेला’ का है, जिसे मोहन राठौड़ ने गाया है।
फिल्म का निर्देशन मंजुल ठाकुर कर रहे हैं। इसमें रानी और संजना के अलावा प्रशांत सिंह, आलोक सिंह राजपूत, ललित उपाध्याय, विद्या सिंह, स्वेता वर्मा और गोपाल चौहान भी नजर आएंगे। रानी चटर्जी की पिछली हिट फिल्में ‘अम्मा’, ‘जय मां संतोषी’, ‘मायके की टिकट कटा दे पिया’, ‘प्रिया ब्यूटी पार्लर’ जैसी हैं, जबकि संजना पांडे की फिल्म ‘नईहर ससुराल’ दर्शकों को बेहद पसंद आई थी।













