10 नवंबर, 2025 फैक्ट रिकॉर्डर
Chandigarh Desk: पंजाब यूनिवर्सिटी में छात्र प्रदर्शन: पुलिस ने गेट 2 पर प्रवेश बंद किया, गेट 1 तोड़कर अंदर घुसे छात्र; भारी हंगामा पंजाब यूनिवर्सिटी में छात्र सीनेट चुनाव की तारीख की घोषणा के खिलाफ धरने पर बैठ गए हैं। हालांकि केंद्र ने पहले ही संबंधित नोटिफिकेशन वापस ले लिया था, फिर भी छात्र सीनेट चुनाव की तारीख तय होने तक प्रदर्शन जारी रख रहे हैं।
आज विश्वविद्यालय परिसर में बड़ी संख्या में छात्र प्रदर्शन के लिए पहुंचे। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने गेट नंबर 2 पर प्रवेश बंद कर दिया, जबकि कुछ छात्र गेट नंबर 1 तोड़कर परिसर में प्रवेश कर गए। इसके बाद परिसर में जबरदस्त हंगामा देखने को मिला।
सुबह से ही प्रशासन ने शहर के सभी प्रमुख बॉर्डर मनीमाजरा, मोहाली, पंचकूला और खुड्डा लाहौरा रोड पर भारी सुरक्षा तैनात की है। हर आने-जाने वाले वाहन की सघन जांच की जा रही है। एसएसपी कंवरदीप कौर ने नागरिकों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से बॉर्डर इलाकों की ओर न जाएं और आवश्यक दस्तावेज अपने पास रखें।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत 20 डीएसपी, 50 इंस्पेक्टर और करीब 2000 पुलिसकर्मी तैनात हैं। कैंपस के सभी मुख्य प्रवेश मार्गों पर नाकेबंदी की गई है और बिना वैध आईडी कार्ड के किसी को भी प्रवेश की अनुमति नहीं दी जा रही है। पुलिस का मकसद शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखना है।
प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तनावपूर्ण माहौल के कारण विश्वविद्यालय परिसर रण का मैदान बन गया है, और हालात लगातार मॉनिटर किए जा रहे हैं।













