मैं मुख्यमंत्री नहीं, दुखमंत्री हूँ” — तरनतारन में मान का भावुक बयान, बोले: यह चुनाव बच्चों के भविष्य का फैसला करेगा

मैं मुख्यमंत्री नहीं, दुखमंत्री हूँ” — तरनतारन में मान का भावुक बयान, बोले: यह चुनाव बच्चों के भविष्य का फैसला करेगा

08 नवंबर, 2025 फैक्ट रिकॉर्डर

Punjab Desk: तरनतारन में मान का भावुक संदेश: “मैं मुख्यमंत्री नहीं, दुखमंत्री हूँ” — बोले, यह चुनाव बच्चों के भविष्य का फैसला करेगा                                                                                                पंजाब की राजनीति में इस बार तरनतारन की गलियों में एक भावनात्मक लहर दिखाई दे रही है। आगामी 11 नवंबर के उपचुनाव से पहले मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार हरमीत सिंह संधू के समर्थन में विशाल रोड शो के दौरान लोगों के दिल छू लेने वाला संबोधन दिया।

जीप की छत से बोलते हुए मान ने कहा, “मैं मुख्यमंत्री नहीं, दुखमंत्री हूँ—आपके सुख-दुख में हिस्सा लेने आया हूँ, न कि सिर्फ़ कुर्सी पर बैठने।” उनके इन शब्दों पर भीड़ में जोश और भावनाओं का मिला-जुला माहौल बन गया, जहाँ ‘इंकलाब’ के नारे गूंज उठे।

मान ने अपने बचपन की यादें साझा करते हुए बताया कि वह इसी मिट्टी से जुड़े हैं—साइकिल पर स्कूल जाना और बस की छतों पर बैठकर कॉलेज पहुँचना उनके जीवन का हिस्सा रहा है। उन्होंने कहा कि यही अनुभव उन्हें किसानों, मजदूरों और आम परिवारों के दर्द को समझने की ताकत देता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने वादों को जमीनी हकीकत में बदला है—फसलों के नुकसान का मुआवज़ा 45 दिनों के भीतर दिया गया, 90% घरों को 300 यूनिट मुफ्त बिजली मिल रही है, 56,000 युवाओं को बिना सिफारिश या रिश्वत के सरकारी नौकरी मिली, गाँव-गाँव में आम आदमी क्लीनिक खुले, और स्कूलों को नई पहचान मिली। उन्होंने दावा किया कि ड्रग माफिया पर कड़ी कार्रवाई हुई है और किसानों को MSP व कर्ज़ माफी का सीधा लाभ मिल रहा है।

मान ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि पुरानी पार्टियों ने 70 सालों में सिर्फ़ भ्रष्टाचार, नशा और बेरोज़गारी दी, जबकि आम आदमी पार्टी ने ईमानदारी और सेवा का नया मॉडल पेश किया है।

उन्होंने कहा, “तरनतारन के गांवों का जोश और जुनून आम आदमी पार्टी की जीत की गवाही दे रहा है। यह चुनाव किसी कुर्सी का नहीं, बल्कि आपके बच्चों के बेहतर भविष्य का है।”