07 नवंबर, 2025 फैक्ट रिकॉर्डर
Bollywood Desk: शेफाली शाह ने बॉलीवुड में 8 घंटे की शिफ्ट पर बयान दिया, कहा- मेल एक्टर्स अक्सर देर से आते हैं एक्ट्रेस शेफाली शाह, जो फिलहाल ‘दिल्ली क्राइम्स 3’ को लेकर चर्चा में हैं, ने बॉलीवुड में लंबी शिफ्ट के मुद्दे पर खुलकर अपनी राय दी है। हाल ही में एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि लंबे काम के घंटे सिर्फ एक्टर्स के लिए ही नहीं, बल्कि क्रू के लिए भी चुनौतीपूर्ण होते हैं।
शेफाली ने बताया, “मुझे सेट पर आने-जाने में डेढ़ घंटे लगते हैं। सेट पर बिताए समय में मैं पूरी तरह से काम पर ध्यान देती हूं। घर लौटकर जिम जाती हूं, नहाती हूं, खाना खाती हूं और स्क्रिप्ट पर फिर से काम करती हूं। इतने कम सोने में आप मुझसे अपनी बेस्ड परफॉर्मेंस की उम्मीद कैसे कर सकते हैं?”
उन्होंने क्रू पर पड़ने वाले दबाव पर भी बात की और कहा कि कुछ फिल्मों में 10 घंटे की शिफ्ट के दौरान क्रू को ओवरटाइम का अतिरिक्त भुगतान नहीं मिलता, जो सही नहीं है।
शेफाली ने पुरुष कलाकारों पर कटाक्ष करते हुए कहा, “हम फीमेल एक्टर्स अपने अनुबंध के अनुसार आठ या दस घंटे काम करते हैं, लेकिन क्या किसी ने यह देखा कि कुछ मेल एक्टर्स कितने घंटे देर से आते हैं? इस पर ध्यान ही नहीं दिया जाता।”
बॉलीवुड में 8 घंटे की शिफ्ट की चर्चा तब तेज हुई थी जब दीपिका पादुकोण ने ‘स्पिरिट’ फिल्म के सेट पर इसी मांग को रखा था। रिपोर्ट्स के अनुसार, दीपिका ने लंबे समय तक काम करने की बजाय संतुलन बनाए रखने के लिए काम के घंटे कम करने की कोशिश की थी।













