07 नवंबर, 2025 फैक्ट रिकॉर्डर
National Desk: दिल्ली एयरपोर्ट पर ATC सर्वर में खराबी, 100 से ज्यादा उड़ानें प्रभावित – यात्रियों को हो रही भारी परेशानी दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGI) पर शुक्रवार सुबह एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) सर्वर में तकनीकी खराबी आने से उड़ान संचालन बुरी तरह प्रभावित हो गया। इस वजह से 100 से अधिक उड़ानों में देरी हो रही है, जबकि कुछ विमानों के आगमन और प्रस्थान अस्थायी रूप से रोक दिए गए हैं।
ATC की टीम ने बताया कि सिस्टम में आई गड़बड़ी को ठीक करने का काम तेजी से जारी है। उन्होंने कहा कि “तकनीकी समस्या के कारण उड़ान संचालन प्रभावित हुआ है। डायल और अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ मिलकर जल्द से जल्द स्थिति सामान्य करने की कोशिश की जा रही है।”
खराबी के चलते एयरपोर्ट पर यात्रियों को लंबी कतारों और भीड़भाड़ का सामना करना पड़ रहा है। कई उड़ानों के टेकऑफ और लैंडिंग समय में देरी होने से बोर्डिंग गेट्स पर अफरा-तफरी का माहौल है।
इंडिगो ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, “एटीसी सिस्टम में तकनीकी समस्या के कारण दिल्ली और उत्तरी क्षेत्रों में उड़ान संचालन प्रभावित हुआ है। यात्री हमारी वेबसाइट या ऐप पर नवीनतम अपडेट देखते रहें।”
वहीं, एयर इंडिया ने भी यात्रियों से धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि तकनीकी टीम समस्या के समाधान में जुटी है और जल्द ही संचालन सामान्य होने की उम्मीद है।
यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी उड़ान से जुड़ी ताज़ा जानकारी के लिए संबंधित एयरलाइंस से संपर्क बनाए रखें। एयरपोर्ट प्राधिकरण ने इस असुविधा के लिए खेद जताया है और जल्द स्थिति सामान्य करने का आश्वासन दिया है।













