राहुल गांधी का बड़ा दावा – ब्राजीली मॉडल ने फर्जी पहचान से हरियाणा चुनाव में किया मतदान

राहुल गांधी का बड़ा दावा - ब्राजीली मॉडल ने फर्जी पहचान से हरियाणा चुनाव में किया मतदान

05 नवंबर, 2025 फैक्ट रिकॉर्डर

Politics Desk: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने बुधवार को नई दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर हरियाणा विधानसभा चुनाव में कथित वोट चोरी के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि राज्य में करीब 25 लाख फर्जी वोट डाले गए हैं और भाजपा ने चुनाव आयोग के साथ मिलकर जनादेश “चुरा” लिया।

राहुल गांधी ने कहा कि जांच में कई मतदाता सूचियों में फर्जी नाम, नकली फोटो और गलत पते पाए गए हैं। उन्होंने एक ब्राजीली मॉडल की तस्वीर दिखाते हुए आरोप लगाया कि उसे “सीमा” और “स्वीटी” जैसे नामों से 10 बूथों पर 22 बार वोट डालने के रूप में दर्ज किया गया है।

कांग्रेस नेता ने कहा, “हर आठ में से एक वोटर नकली है। 500 मतदाताओं के एक ही घर का नंबर मिला और हजारों भाजपा से जुड़े लोगों के नाम यूपी और हरियाणा दोनों जगह वोटर लिस्ट में हैं।”

उन्होंने दावा किया कि यह “ऑपरेशन सरकार चोरी” है, जिसके तहत कांग्रेस की भारी बहुमत वाली जीत को हार में बदला गया। राहुल गांधी ने कहा कि उनकी टीम ने इस मामले की पूरी जांच कर “H Files” तैयार की है, जिसमें चुनावी धांधली के सबूत मौजूद हैं।

मुख्य चुनाव आयुक्त पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि आयोग फर्जी नाम हटाने में असफल रहा है और “जनता से झूठ बोला गया”। राहुल ने सवाल किया कि “अगर चुनाव निष्पक्ष हैं तो फर्जी वोटरों को सूची से हटाने में क्या दिक्कत है?”

राहुल गांधी ने यह भी कहा कि एग्जिट पोल्स में कांग्रेस को बढ़त दिखाई गई थी, लेकिन नतीजों में अंतर यह दर्शाता है कि पोस्टल बैलेट और वास्तविक वोटिंग के बीच बड़ा फर्क रहा — “पोस्टल वोटों में कांग्रेस को 73 और भाजपा को केवल 17 सीटें मिलीं।”