05 नवंबर, 2025 फैक्ट रिकॉर्डर
International Desk: चीन: स्पेस स्टेशन से टकराया अंतरिक्ष मलबा, तीन अंतरिक्ष यात्रियों की वापसी स्थगित; CMSA ने बताया सुरक्षा कारण बीजिंग। चीन के मानवयुक्त अंतरिक्ष मिशन में बड़ा झटका लगा है। चीन के स्पेस स्टेशन से सूक्ष्म अंतरिक्ष मलबे की टक्कर के बाद तीन अंतरिक्ष यात्रियों की वापसी फिलहाल टाल दी गई है। यह जानकारी चाइना मैनड स्पेस एजेंसी (CMSA) ने दी। एजेंसी ने कहा कि यह कदम अंतरिक्ष यात्रियों की सुरक्षा और मिशन की सफलता सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है।
चीन हर छह महीने में अपने स्पेस स्टेशन के दल का अदला-बदली करता है। बीते शनिवार को शेनझोउ-20 अंतरिक्ष यान ने शेनझोउ-21 क्रू के साथ हैंडओवर प्रक्रिया पूरी की थी। इसके बाद शेनझोउ-20 के तीन अंतरिक्ष यात्री – चेन डोंग, चेन झोंगरुई और वांग जिए – अपने निर्धारित कार्य पूरा कर चुके थे और बुधवार को इनर मंगोलिया के डोंगफेंग लैंडिंग साइट पर उतरने वाले थे। हालांकि, मलबे की टक्कर के कारण उनकी वापसी अस्थायी रूप से रोक दी गई है।
इस बीच, शेनझोउ-21 के जरिए तीन नए अंतरिक्ष यात्री छह महीने के मिशन पर अपने कक्षीय स्टेशन पर भेजे गए हैं।
चीन ने पहले ही घोषणा की है कि वह 2030 तक अपने अंतरिक्ष यात्रियों को चंद्रमा पर उतारने की योजना पर काम कर रहा है। इसके तहत लॉन्ग मार्च-10 रॉकेट, चंद्र लैंडिंग सूट और एक्सप्लोरेशन व्हीकल जैसी परियोजनाएं जारी हैं। CMSA के प्रवक्ता झांग जिंगबो ने कहा कि सभी अनुसंधान और विकास कार्य सुचारू रूप से चल रहे हैं और चीन का 2030 तक चंद्रमा पर मानव भेजने का लक्ष्य दृढ़ है।













