01 नवंबर, 2025 फैक्ट रिकॉर्डर
Sports Desk: डेब्यू मैच में बॉलिंग एक्शन पर उठा था विवाद, अब भारत-ए के खिलाफ झटके 5 विकेट — सुब्रायन ने मचाई सनसनी बेंगलुरु में खेले जा रहे भारत-ए और साउथ अफ्रीका-ए के पहले अनऑफिशियल टेस्ट में अफ्रीकी गेंदबाज प्रेनेलन सुब्रायन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम इंडिया के बल्लेबाजों को परेशान कर दिया। साउथ अफ्रीका ने पहली पारी में 309 रन बनाए, जिसके जवाब में भारत-ए की टीम 234 रनों पर सिमट गई और 75 रनों से पिछड़ गई।
भारत-ए की बल्लेबाजी पूरी तरह सुब्रायन की फिरकी के आगे टिक नहीं पाई। 32 वर्षीय इस ऑफ-स्पिनर ने 22 ओवर में सिर्फ 61 रन देकर 5 विकेट अपने नाम किए। उन्होंने आयुष म्हात्रे, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार, तनुश कोटियन और खलील अहमद को आउट कर भारत-ए को बैकफुट पर धकेल दिया।
बॉलिंग एक्शन पर लगा था सवाल
प्रेनेलन सुब्रायन ने कुछ महीने पहले ही साउथ अफ्रीका की सीनियर टीम के लिए इंटरनेशनल डेब्यू किया था। हालांकि, अपने डेब्यू टेस्ट (जिम्बाब्वे के खिलाफ) के बाद उनके बॉलिंग एक्शन पर सवाल उठे थे। अगस्त में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे डेब्यू के दौरान उन्हें संदिग्ध एक्शन के लिए रिपोर्ट किया गया था, जिसके बाद आईसीसी की मान्यता प्राप्त सुविधा में उनकी जांच हुई।
सितंबर में उनके एक्शन को वैध (लीगल) करार दिया गया और उन्होंने फिर से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी की। अब भारत-ए के खिलाफ उनका यह प्रदर्शन दिखाता है कि वह अपने करियर के बेहतरीन फॉर्म में हैं।
सुब्रायन अब तक 2 टेस्ट और 1 वनडे खेल चुके हैं, जिसमें उन्होंने कुल 7 विकेट झटके हैं। घरेलू क्रिकेट में लगातार प्रभावशाली प्रदर्शन करने वाले यह गेंदबाज साउथ अफ्रीका की SA20 लीग में भी अपनी फिरकी का जलवा दिखा चुके हैं।
भारत-ए को अब दूसरी पारी में मजबूत प्रदर्शन कर इस मुकाबले में वापसी करनी होगी, जबकि सुब्रायन के 5 विकेट ने मेहमान टीम को जीत की दिशा में बढ़त दिला दी है।













