हरियाणा स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई: ड्यूटी से गैरहाज़िर 68 डॉक्टरों की सेवाएं खत्म

हरियाणा स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई: ड्यूटी से गैरहाज़िर 68 डॉक्टरों की सेवाएं खत्म

30 अक्टूबर 2025 फैक्ट रिकॉर्डर 

Haryana Desk: हरियाणा में स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई — ड्यूटी से वर्षों से गायब 68 डॉक्टरों की सेवाएं हुई समाप्त                                                                                                                      हरियाणा सरकार ने लंबे समय से ड्यूटी से अनुपस्थित चल रहे डॉक्टरों के खिलाफ सख्त कदम उठाया है। स्वास्थ्य विभाग ने 2017 से अब तक बिना अनुमति अनुपस्थित 68 डॉक्टरों की सेवाएं समाप्त कर दी हैं।

जानकारी के अनुसार, इन डॉक्टरों ने नियुक्ति के बाद कुछ महीनों तक काम किया और फिर विभाग को बिना सूचना दिए ड्यूटी से गायब हो गए। विभाग की ओर से कई बार पत्राचार किया गया, लेकिन किसी डॉक्टर ने जवाब नहीं दिया। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव सुधीर राजपाल ने आदेश जारी कर इन डॉक्टरों की सेवाएं समाप्त कर दीं।

अब इनकी जगह नए डॉक्टरों की नियुक्ति की जाएगी, जिसके लिए जल्द ही विज्ञापन जारी किया जाएगा।              कार्रवाई में शामिल डॉक्टर अलग-अलग जिलों से हैं — जिनमें अम्बाला, चरखी दादरी, फरीदाबाद, गुरुग्राम, हिसार, करनाल, कुरुक्षेत्र, नारनौल, पलवल, रोहतक, सोनीपत, यमुनानगर आदि शामिल हैं।

इन डॉक्टरों की गैरहाज़िरी से स्वास्थ्य केंद्रों का कामकाज बुरी तरह प्रभावित हो रहा था। वहीं, उनके पद खाली घोषित न होने के कारण नई भर्तियां भी अटकी हुई थीं। अब विभाग ने सिविल चिकित्सा सेवाएं (श्रेणी-1) नियम 2014 के नियम 10 के तहत उनकी सेवाएं अनुपस्थिति की तिथि से समाप्त कर दी हैं।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, हरियाणा में डॉक्टरों के ड्यूटी छोड़ने के पीछे कई कारण हैं — जैसे

  • पदोन्नति के अवसरों की कमी,

  • अन्य राज्यों की तुलना में कम वेतन,

  • ग्रामीण केंद्रों में रिहायश की सुविधाओं का अभाव,

  • अनुपयुक्त कार्य परिस्थितियां,

  • मेडिको-लीगल मामलों में उलझनें,

  • उच्च अध्ययन के लिए एनओसी न मिलना आदि।

सरकार अब इन रिक्त पदों को भरने की दिशा में तेजी से काम कर रही है ताकि राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारु बनाया जा सके।