16 अक्टूबर 2025 फैक्ट रिकॉर्डर
Health Desk: जापान के बाद मलेशिया में भी फ्लू का प्रकोप: 6,000 से अधिक छात्र संक्रमित, कई स्कूल बंद मलेशिया में हाल ही में फ्लू का प्रकोप तेजी से बढ़ गया है। मलेशियाई शिक्षा मंत्रालय के एक अधिकारी के अनुसार, देशभर में लगभग 6,000 छात्र इन्फ्लूएंजा से संक्रमित हो चुके हैं। बच्चों और शिक्षकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कई स्कूलों को अस्थायी रूप से बंद करने का आदेश दिया गया है।
जापान में पिछले एक महीने से देशव्यापी फ्लू महामारी के कारण हालात बिगड़ चुके हैं। वहां सरकार को 130 से अधिक स्कूल, किंडरगार्टन और चाइल्डकैअर सेंटर अस्थायी रूप से बंद करने पड़े और अस्पतालों में मरीजों की भीड़ बढ़ गई। जापान में 12 अक्टूबर तक लगभग 4,000 मरीज अस्पतालों में भर्ती हुए थे।
मलेशियाई शिक्षा महानिदेशक मोहम्मद आजम अहमद ने बताया कि कोविड-19 महामारी के अनुभव के चलते देश पहले से ही संक्रमण रोकने के उपायों में सक्षम है। छात्रों को मास्क पहनने, बड़े समूहों में इकट्ठा न होने और स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
विशेषज्ञों का कहना है कि इस साल फ्लू के मामले मौसम की अपेक्षा पांच सप्ताह पहले ही देखने को मिले हैं, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं पर अतिरिक्त दबाव बढ़ गया है। फ्लू वायरस के व्यवहार और प्रकृति में बदलाव के कारण हालात चिंताजनक बने हैं। स्वास्थ्य अधिकारियों ने लोगों से टीका लगवाने, मास्क पहनने और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने की सलाह दी है।
इस साल भारत में भी फ्लू का असर देखा गया। दिल्ली-एनसीआर में अगस्त-सितंबर के दौरान H3N2 वायरस के संक्रमण की रिपोर्ट आई, जिसमें लगभग 70% घरों में एक या अधिक लोग फ्लू/वायरल बुखार के लक्षण अनुभव कर रहे थे। विशेषज्ञों के अनुसार, नए म्यूटेशन के कारण फ्लू पहले की तुलना में अधिक गंभीर और तेजी से फैलने वाला हो गया है।
फिलहाल, मलेशिया में स्वास्थ्य और शिक्षा अधिकारियों द्वारा बचाव के उपायों को कड़ाई से लागू किया जा रहा है, ताकि बच्चों और समाज को सुरक्षित रखा जा सके।













