16 अक्टूबर 2025 फैक्ट रिकॉर्डर
Education Desk: DU VC इंटर्नशिप स्कीम 2025-26: 3500 से अधिक आवेदकों में से 2280 छात्र शॉर्टलिस्ट, ग्रुप डिस्कशन पूरा
दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) की वाइस चांसलर (VC) इंटर्नशिप स्कीम पार्ट टाइम 2025-26 में इस साल छात्रों की बढ़ती रुचि देखने को मिली। विश्वविद्यालय के डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर (DSW) प्रो. रंजन कुमार त्रिपाठी के अनुसार, इस बार 3500 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 2280 छात्रों को शॉर्टलिस्ट किया गया और उनका ग्रुप डिस्कशन 13 से 15 अक्टूबर तक सफलतापूर्वक पूरा हो गया।
चयन और नियुक्ति प्रक्रिया
चयनित उम्मीदवारों की सूची आगामी दिनों में जारी की जाएगी। इसके बाद छात्रों को DU के 55 से अधिक कार्यालयों में इंटर्नशिप के लिए नियुक्त किया जाएगा। यह स्कीम वर्ष 2022-23 में शुरू की गई थी, जिसका उद्देश्य स्नातक और स्नातकोत्तर छात्रों को विश्वविद्यालय और सरकारी व्यवस्थाओं के कामकाज की समझ प्रदान करना है।
इंटर्नशिप के प्रकार और लाभ
पार्ट टाइम VC इंटर्नशिप:
अवधि: छह महीने
कार्य समय: प्रति सप्ताह 8-10 घंटे
वजीफा: 5775 रुपये प्रति माह
ग्रीष्मकालीन फुल टाइम इंटर्नशिप:
अवधि: दो महीने
कार्य समय: प्रति सप्ताह 20 घंटे
वजीफा: 11,000 रुपये प्रति माह
DSW कार्यालय के माध्यम से छात्रों को विश्वविद्यालय प्रणाली के विभिन्न विभागों में वास्तविक कार्य अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिलता है। इस इंटर्नशिप से छात्रों को प्रशासनिक प्रक्रियाओं और ऑफिसियल कामकाज को समझने में मदद मिलती है।













