06 अक्टूबर 2025 फैक्ट रिकॉर्डर
Haryana Desk: हरियाणा CM नायब सिंह सैनी ने जापान में बढ़ाए आर्थिक और सांस्कृतिक रिश्ते, दिया ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में आमंत्रण हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आर्थिक और सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने के उद्देश्य से जापान पहुंचे। उनका स्वागत प्रवासी भारतीय संगठन ने किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के साथ कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह भी मौजूद रहे।
जापान में महत्वपूर्ण बैठकें
मुख्यमंत्री सैनी की अध्यक्षता में हरियाणा प्रतिनिधिमंडल ने जापान सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने जापान के विदेश मामलों के राज्य मंत्री मियाजी ताकुमा के साथ अहम बैठक की। बैठक में हरियाणा और जापान के बीच आर्थिक, निवेश और सांस्कृतिक सहयोग को और मजबूत करने के तरीकों पर विस्तार से चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री सैनी ने जापान को हरियाणा ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2026 में पार्टनर कंट्री बनने का आमंत्रण भी दिया। यह समिट अप्रैल 2026 में हरियाणा में आयोजित होगा, जिसमें दुनियाभर के निवेशक और उद्योगपति हिस्सा लेंगे।
हरियाणा प्रतिनिधिमंडल ने जापान के उद्योग, वाणिज्य और ऊर्जा मंत्रालय (MEIT) के राज्य मंत्री योगीचिरो कोगा से भी मुलाकात की। इस बैठक में मोबिलिटी, हरित ऊर्जा, सेमीकंडक्टर, बुनियादी ढांचा और डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन के क्षेत्रों में छोटे और मध्यम उद्यमों (MSME) के सहयोग के अवसरों पर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री की प्रतिक्रिया
मुख्यमंत्री सैनी ने सोशल मीडिया पर लिखा, “जापान सरकार के विदेश राज्य मंत्री मियाजी ताकुमा के साथ सार्थक बैठक हुई। हमने हरियाणा और जापान के बीच आर्थिक और सांस्कृतिक संबंधों को और प्रगाढ़ बनाने के अवसरों पर चर्चा की। मैंने उन्हें नवंबर 2025 में आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव में शामिल होने और अप्रैल 2026 में होने वाले हरियाणा ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में पार्टनर कंट्री बनने का आमंत्रण दिया।”
हरियाणा की आधिकारिक सूचना विभाग ने भी इस यात्रा और बैठकों की जानकारी साझा करते हुए बताया कि यह कदम हरियाणा और जापान के बीच आर्थिक, सांस्कृतिक और तकनीकी सहयोग को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।













