सुपर-4 में लगातार दूसरी हार से संकट में श्रीलंका, पाकिस्तान पहुंचा दूसरे स्थान पर

सुपर-4 में लगातार दूसरी हार से संकट में श्रीलंका, पाकिस्तान पहुंचा दूसरे स्थान पर

24 सितंबर 2025 फैक्ट रिकॉर्डर

 Sports Desk:  एशिया कप सुपर-4: पाकिस्तान ने श्रीलंका को 5 विकेट से हराया, फाइनल की उम्मीदें बरकरार अबु धाबी में खेले गए एशिया कप सुपर-4 मुकाबले में पाकिस्तान ने श्रीलंका को 5 विकेट से हराकर फाइनल की दौड़ में अपनी दावेदारी बनाए रखी। वहीं, लगातार दूसरी हार से श्रीलंका के लिए फाइनल तक पहुंचना लगभग असंभव हो गया   है।

पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका ने 20 ओवर में 8 विकेट पर 133 रन बनाए। टीम की ओर से कामिंदु मेंडिस ने 44 गेंदों पर 50 रन की अर्धशतकीय पारी खेली और चमिका करुणारत्ने (17*) के साथ सातवें विकेट पर 43 रन जोड़कर स्कोर को सम्मानजनक स्थिति में पहुंचाया। पाकिस्तान की ओर से शाहीन अफरीदी (3/28), हुसैन तलत (2/18) और हारिस रऊफ (2/37) ने शानदार गेंदबाजी की, जबकि अबरार अहमद ने भी 4 ओवर में सिर्फ 8 रन देकर 1 विकेट झटका।

लक्ष्य का पीछा करने उतरे पाकिस्तान ने शुरुआत में झटके खाए। पावरप्ले में 48 रन पर 2 विकेट और फिर 57 रन तक 4 विकेट गंवा दिए। लेकिन इसके बाद मोहम्मद नवाज (नाबाद 38, 24 गेंद, 3 चौके, 3 छक्के) और हुसैन तलत (नाबाद 32, 30 गेंद, 4 चौके) ने छठे विकेट के लिए 58 रन की अटूट साझेदारी कर टीम को 18वें ओवर में जीत दिला दी।

श्रीलंका के लिए महीश तीक्षणा (2/24) और वानिंदु हसरंगा (2/27) ने अच्छी गेंदबाजी की, लेकिन टीम को हार से नहीं बचा सके।

इस जीत के साथ पाकिस्तान अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है, जबकि श्रीलंका की फाइनल की राह अब लगभग बंद हो गई है।