राहुल गांधी अमृतसर पहुंचे, अजनाला और रमदास में बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात

राहुल गांधी अमृतसर पहुंचे, अजनाला और रमदास में बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात

15 सितंबर 2025 फैक्ट रिकॉर्डर

Politics Desk: राहुल गांधी ने बाढ़ प्रभावित इलाकों का किया दौरा, लोगों से की मुलाकात; बिट्टू ने जताया असंतोष                                                                                                                      लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पंजाब दौरे पर हैं। उन्होंने अमृतसर के श्री गुरु रामदास इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पहुंचकर अजनाला और रमदास के गांवों का दौरा किया और बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात की। राहुल गांधी ने रमदास स्थित गुरुद्वारा श्री समाध बाबा बुड्ढा जी साहिब में भी श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद वह गुरदासपुर जाएंगे और वहां के हालात का जायजा लेंगे, साथ ही किसानों से बातचीत करेंगे।

राहुल गांधी हवाई सर्वेक्षण करने के बजाय सीधे गांव-गांव जाकर लोगों से रूबरू होंगे। उनके दौरे के दौरान वे डेरा बाबा नानक के गुरचक्क और दीनानगर क्षेत्र के मकौड़ा पत्तन में बाढ़ पीड़ित परिवारों से मिलेंगे। पंजाब विधानसभा में विपक्ष दल के नेता और कादियां से विधायक प्रताप सिंह बाजवा तथा गुरदासपुर के सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने बताया कि राहुल गांधी प्रभावित लोगों की समस्याओं को अपनी आंखों से देखने और उनकी पीड़ा को प्रत्यक्ष सुनने का निर्णय लिया है।

इस बीच लुधियाना के पूर्व सांसद और राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने राहुल गांधी के दौरे पर तंज कसा। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि जब उपराष्ट्रपति के चुनाव चल रहे थे, तब राहुल गांधी छुट्टियों का आनंद ले रहे थे, जबकि पंजाब डूब रहा था और लोग संकट झेल रहे थे। बिट्टू ने कहा कि यह दौरा लोगों का दर्द मिटाने के लिए नहीं, बल्कि सियासी स्टेज पर ड्रामेबाजी करने के लिए प्रतीत होता है।

राहुल गांधी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में पंजाब सहित हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में आई बाढ़ पर गहरी चिंता व्यक्त की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील की कि इस संकट की घड़ी में प्रभावित लोगों तक हर संभव मदद पहुंचाई जाए। उन्होंने राहत पैकेज जारी करने और प्रभावित लोगों के पुनर्वास के लिए ठोस कदम उठाने की भी मांग की।