हरियाणा विधानसभा पहुंचे CM नायब सैनी साइकिल से; स्पीकर, मंत्री और विधायक भी हुए शामिल, मानसून सत्र का तीसरा दिन आज

हरियाणा विधानसभा पहुंचे CM नायब सैनी साइकिल से; स्पीकर, मंत्री और विधायक भी हुए शामिल, मानसून सत्र का तीसरा दिन आज

26 अगस्त 2025 फैक्ट रिकॉर्डर

Haryana Desk: हरियाणा विधानसभा का मानसून सत्र आज तीसरे दिन में प्रवेश कर गया। इस मौके पर मुख्यमंत्री नायब सैनी साइकिल से विधानसभा पहुंचे। उनके साथ विधानसभा अध्यक्ष, मंत्री और विधायक भी साइकिल पर सवार होकर विधानसभा पहुंचे। इस पहल का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रहने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना था। हरियाणा सरकार लगातार इस दिशा में मुहिम चला रही है, और यह साइकिलिंग अभियान उसी का हिस्सा है।

साइकिल से विधानसभा पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा, “व्यायाम इंसान की दिनचर्या का अहम हिस्सा होना चाहिए। व्यायाम से व्यक्ति सक्रिय रहता है। प्रधानमंत्री मोदी का भी आह्वान है कि फिट इंडिया, स्वस्थ इंडिया बने। योग और व्यायाम से हम स्वस्थ रह सकते हैं, और जब हम स्वस्थ होंगे तो विकास की रफ्तार भी बढ़ेगी। हरियाणा का युवा नशे की बजाय खेलों की ओर बढ़े, इसके लिए सरकार जागरूकता अभियान चला रही है। हमारा युवा राज्य और देश की संपत्ति है, लेकिन नशा इस संपत्ति को बर्बाद कर देता है। नशा केवल व्यक्ति नहीं बल्कि उसके परिवार और समाज को भी नुकसान पहुंचाता है। इसलिए हम साइकिल यात्रा और मैराथन जैसे कार्यक्रमों से युवाओं को जागरूक कर रहे हैं और वे इसमें उत्साह से भाग ले रहे हैं।”

विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण ने कहा, “आज सभी विधायक MLA हॉस्टल से विधानसभा तक साइकिल से आए हैं। यह युवाओं के लिए नशे के खिलाफ एक संदेश है। जब युवा नशे से दूर रहेंगे और अपने स्वास्थ्य पर ध्यान देंगे, तो वे स्वयं, उनका परिवार और समाज तरक्की करेगा। स्वस्थ रहना ही सच्चा धन है।”

मंत्री महिपाल ढांढा ने कहा, “देश के युवाओं को सही दिशा देना जरूरी है। यह तभी संभव है जब वे शारीरिक रूप से फिट हों। स्वस्थ शरीर से ही सकारात्मक सोच का निर्माण होता है। जो व्यक्ति अपने खाली समय का सही उपयोग करना सीखता है और अपने लिए जीना सीख लेता है, वही दुनिया में नए कीर्तिमान स्थापित करता है।”