फरीदकोट, 25 अगस्त 2025 फैक्ट रिकॉर्डर
Punjab Desk: भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक गुरदित्त सिंह सेखों और जेतो के विधायक अमोलक सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि “वोट चोरी करने वाली भाजपा सरकार अब पंजाबियों का राशन चोरी करने की तैयारी कर रही है।”
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने जुलाई महीने में के.वाई.सी. का बहाना बनाकर पहले ही 23 लाख लोगों का मुफ्त राशन बंद कर दिया है और अब 32 लाख और लोगों का राशन बंद करने की धमकी दी जा रही है।
विधायकों ने कहा कि पहले भाजपा ने वोट चोरी की, फिर पंजाब का पानी हड़पने की साज़िश रची और अब गरीबों का राशन बंद करने की योजना बनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा लोगों का निजी डेटा इकट्ठा कर रही है, जो उनके ही बनाए कानून का उल्लंघन है।
दोनों विधायकों ने साफ किया कि पंजाब सरकार मुख्यमंत्री भगवंत मान की अगुवाई में अपने लोगों के साथ मज़बूती से खड़ी है और भाजपा की किसी भी साज़िश को सफल नहीं होने देगी।
इस मौके पर जिला योजना बोर्ड के चेयरमैन गुरतेज सिंह खोसा, मार्केट कमेटी चेयरमैन अमनदीप सिंह बाबा, जिला मीडिया कोऑर्डिनेटर जगजीत सिंह सहित आप कार्यकर्ता मौजूद रहे।













