Home Hindi दिल्ली-एनसीआर में बाढ़ का अलर्ट: यमुना खतरे के निशान से ऊपर, पहाड़ों...

दिल्ली-एनसीआर में बाढ़ का अलर्ट: यमुना खतरे के निशान से ऊपर, पहाड़ों में बारिश से स्थिति गंभीर

दिल्ली-एनसीआर में बाढ़ का अलर्ट: यमुना खतरे के निशान से ऊपर, पहाड़ों में बारिश से स्थिति गंभीर

19 अगस्त 2025 फैक्ट रिकॉर्डर

National Desk: यमुना खतरे के निशान से ऊपर, दिल्ली-एनसीआर में बाढ़ का खतरा; सरकार और प्रशासन अलर्ट                                                                                                                        दिल्ली-एनसीआर में यमुना का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश के चलते हरियाणा के यमुनानगर स्थित हथिनीकुंड बैराज के सभी 18 गेट खोल दिए गए हैं, जिसके बाद नदी खतरे के निशान से ऊपर बहने लगी है। सोमवार शाम 7 बजे तक यमुना का जलस्तर 205.59 मीटर दर्ज किया गया।

प्रशासन अलर्ट पर
दिल्ली पुलिस और डीडीएमए की टीमें यमुना किनारे बसी झुग्गियों में सर्च ऑपरेशन कर रही हैं। प्रभावित इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। पूर्वी दिल्ली के गीता कॉलोनी स्थित केंद्रीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष से 24 घंटे जलस्तर की निगरानी की जा रही है। राहत-बचाव कार्यों के लिए नौकाओं, गोताखोरों और स्वास्थ्य विभाग की टीमें तैनात की गई हैं।

हथिनीकुंड से छोड़ा गया पानी
रविवार को बैराज से 1.79 लाख क्यूसेक और सोमवार को दोपहर में 1.80 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया। यह पानी मंगलवार शाम तक दिल्ली पहुंचेगा, जिसके बाद जलस्तर 206 मीटर से ऊपर जाने की आशंका है। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर लोगों को पहले ही यमुना बाढ़ क्षेत्र से बाहर निकालना शुरू कर दिया है।

सीएम ने दिलाया भरोसा
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने यमुना के हालात का निरीक्षण कर लोगों को भरोसा दिलाया कि दिल्ली बाढ़ से सुरक्षित है। उन्होंने कहा कि आईटीओ बैराज के सभी गेट खोल दिए गए हैं और नालों की डी-सिल्टिंग पूरी कर ली गई है। सरकार ने 14 अहम स्थानों पर नावें और वायरलेस स्टेशन तैनात किए हैं ताकि हालात बिगड़ने पर तुरंत राहत-बचाव किया जा सके।

सीएम ने कहा, “दिल्लीवासियों को घबराने की जरूरत नहीं है। यमुना का पानी तेज़ी से आगे बढ़ रहा है और प्रशासन पूरी तरह तैयार है।”