हिमाचल में खुलेगा विशेष कॉलेज, सीएम सुक्खू ने अधिकारियों को दिए तैयारी के निर्देश

हिमाचल में विज्ञान, कला और खेल के विशेष कॉलेज खोलने की तैयारी, सीएम सुक्खू ने दिए निर्देश 

14 अगस्त 2025 फैक्ट रिकॉर्डर

Education Desk: हिमाचल में विज्ञान, कला और खेल के विशेष कॉलेज खोलने की तैयारी, सीएम सुक्खू ने दिए निर्देश                                                                                                                      हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने राज्य में विज्ञान, कला और खेल के विशेष कॉलेज स्थापित करने की संभावनाओं की जांच के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। बुधवार को शिक्षा विभाग की बैठक में उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि गांवों के छात्रों सहित सभी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध हो।

मुख्यमंत्री ने विभाग से यह सुनिश्चित करने को कहा कि प्राथमिक शिक्षा में नामांकित 100% बच्चे उच्च शिक्षा पूरी करें। उन्होंने महाविद्यालयों और पढ़ाए जाने वाले विषयों के युक्तिकरण पर जोर देते हुए अगले सत्र से आवश्यक बदलाव के लिए अध्ययन कराने के निर्देश दिए। साथ ही, रोजगार की बेहतर संभावनाओं वाले नए विषयों की पहचान करने को भी कहा।

उन्होंने महाविद्यालयों की ग्रेडिंग पूरी कर आवश्यक स्टाफ की भर्ती और बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि शिक्षा विभाग में रिक्त पद जल्द भरे जाएंगे ताकि पढ़ाई प्रभावित न हो।

स्कूली पाठ्यक्रम में राज्य-विशिष्ट विषय शामिल करने पर भी जोर देते हुए उन्होंने कहा कि छात्रों को अपने राज्य और परिवेश की बेहतर जानकारी होनी चाहिए। सुक्खू ने आधुनिक बुनियादी ढांचे, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनिवार्य मॉक टेस्ट और जीरो पीरियड जैसी व्यवस्थाओं के जरिए छात्रों के समग्र विकास पर बल दिया।