04 अगस्त 2025 फैक्ट रिकॉर्डर
National Desk: दिल्ली के हाई-सिक्योरिटी ज़ोन चाणक्यपुरी में महिला सांसद से चेन स्नैचिंग, सुरक्षा पर उठे सवाल राजधानी दिल्ली के उच्च सुरक्षा वाले चाणक्यपुरी इलाके में आज सुबह एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। तमिलनाडु के मयिलादुथुराई लोकसभा क्षेत्र से सांसद आर. सुधा रामकृष्णन से मॉर्निंग वॉक के दौरान चेन स्नेचिंग की वारदात हुई। सांसद वर्तमान में तमिलनाडु भवन में निवास करती हैं और जब वह पोलैंड दूतावास के पास टहल रही थीं, तभी यह घटना घटी। सांसद सुधा ने बताया कि बदमाश अचानक आए और उनकी सोने की चेन झपट कर फरार हो गए। खुद को बचाने की कोशिश में उन्हें मामूली चोटें भी आई हैं। घटना के बाद उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर पूरी जानकारी दी और अपराधियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। दिल्ली पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है। लेकिन इस घटना ने राजधानी के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले क्षेत्रों में से एक में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
राजनीतिक प्रतिक्रिया: आप नेता और दिल्ली सरकार में मंत्री सौरभ भारद्वाज ने इस घटना को लेकर दिल्ली की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा, “सुबह 6 बजे चाणक्यपुरी में तमिलनाडु की सांसद एम. सुधा से चेन स्नैचिंग हो जाती है और आरोपी आराम से फरार हो जाते हैं। यह दिल्ली की हकीकत है।”
उन्होंने यह भी कहा कि दिल्ली में अब चेन और मोबाइल स्नैचिंग आम बात हो गई है और लोग पुलिस में एफआईआर दर्ज करवाने से भी कतराने लगे हैं क्योंकि उन्हें यकीन नहीं कि कोई कार्रवाई होगी। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस में हजारों पद खाली हैं लेकिन केंद्र सरकार भर्ती करने को तैयार नहीं है।











