29 जुलाई 2025 फैक्टर रिकॉर्डर
National Desk: देवघर में भीषण सड़क हादसा: बस-ट्रक टक्कर में पांच कांवड़ियों की मौ*त, कई घायल; मृ*तकों की संख्या बढ़ने की आशंका झारखंड के देवघर जिले में मंगलवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में कांवड़ यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं की बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में अब तक पांच कांवड़ियों की मौ*त की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। मृ*तकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
यह हादसा सुबह करीब 4:30 बजे मोहनपुर थाना क्षेत्र के जमुनिया फॉरेस्ट इलाके में हुआ, जब कांवड़ियों को ले जा रही एक बस गैस सिलेंडर से भरे एक वाहन से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और कई श्रद्धालु मौके पर ही घायल हो गए।
दुमका जोन के इंस्पेक्टर जनरल शैलेन्द्र कुमार ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि अब तक पांच लोगों की मौ*त हो चुकी है और कई घायल हैं, जिनका इलाज नजदीकी अस्पतालों में चल रहा है। प्रशासन ने सभी सरकारी और निजी अस्पतालों को अलर्ट कर दिया है।
इस बीच गोड्डा से भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने हादसे को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा, “मेरे लोकसभा क्षेत्र देवघर में कांवर यात्रा के दौरान बस और ट्रक की टक्कर में 18 श्रद्धालुओं की जान चली गई है। बाबा बैद्यनाथ से प्रार्थना है कि वे दिवंगत आत्माओं को शांति दें और परिजनों को यह दुख सहने की शक्ति दें।” हालांकि प्रशासन की ओर से फिलहाल 5 मौतों की ही पुष्टि की गई है।
गौरतलब है कि सावन के महीने में झारखंड के देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम में लाखों श्रद्धालु जल चढ़ाने पहुंचते हैं। इसी दौरान यह हादसा हुआ, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। जिला प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है और घायल श्रद्धालुओं को हर संभव चिकित्सा सहायता मुहैया कराई जा रही है।













