हरियाणा CET: करनाल में बने 53 परीक्षा केंद्र, कर्णनगरी करेगी एक लाख अभ्यर्थियों के ठहरने और खाने की व्यवस्था

24 जुलाई 2025 फैक्टर रिकॉर्डर

Education Desk: करनाल में CET के लिए 53 परीक्षा केंद्र, 1 लाख मेहमानों के ठहरने और भोजन की मुफ्त व्यवस्था करेगी कर्णनगरी                                                                                                  हरियाणा में होने वाली सामान्य पात्रता परीक्षा (CET) के लिए करनाल जिले में व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। आगामी 26 और 27 जुलाई को जींद सहित आसपास के जिलों से करीब 70 हजार अभ्यर्थियों के करनाल पहुंचने की संभावना है। इनके साथ आने वाले अभिभावकों को मिलाकर यह संख्या एक लाख से अधिक हो सकती है।

करनाल में परीक्षा के लिए कुल 53 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं। खास बात यह है कि इन अभ्यर्थियों और उनके परिजनों की सुविधा के लिए शहर की विभिन्न धर्म और जातियों से संबंधित धर्मशाला संचालक समाजिक जिम्मेदारी निभाने के लिए आगे आए हैं।

भारतीय जनता पार्टी की पहल पर वीरवार को पार्टी के जिला कार्यालय में एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें करनाल की लगभग 19 धर्मशालाओं के अध्यक्षों और प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि सभी अभ्यर्थियों और उनके साथ आने वाले मेहमानों के लिए ठहरने और भोजन की मुफ्त व्यवस्था की जाएगी।

बैठक में मौजूद भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीण लाठर, कार्यकारी अध्यक्ष बृज गुप्ता और पूर्व मंत्री शशीपाल मेहता ने धर्मशाला संचालकों की इस सामूहिक पहल की सराहना की। भाजपा जिला मीडिया प्रभारी डॉ. अशोक कुमार ने जानकारी दी कि इन सभी व्यवस्थाओं की शुरुआत गुरुवार से कर दी गई है, ताकि बाहर से आने वाले किसी भी व्यक्ति को असुविधा न हो।

इस सामुदायिक सहयोग के जरिए करनाल ने एक बार फिर ‘कर्णनगरी’ की परंपरा को जीवंत किया है, जहां अतिथि को देवता मानकर सेवा भाव से सत्कार किया जा रहा है।