Home Haryana हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने पंजाब राज्यपाल और यूटी प्रशासन से...

हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने पंजाब राज्यपाल और यूटी प्रशासन से कई मुद्दों पर चर्चा की

17 जुलाई 2025 फैक्टर रिकॉर्डर

Haryana Desk: हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने बुधवार को पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ यूटी प्रशासक गुलाब चंद कटारिया सहित प्रशासनिक अधिकारियों से हरियाणा विधानसभा से जुड़ी विभिन्न आवश्यकताओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने विधायकगणों और विधानसभा कर्मचारियों के ऑफिस भवन सहित अन्य जरूरी सुविधाओं को बेहतर बनाने और समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया।

इस दौरान मुख्य रूप से विधान भवन परिसर के मुख्य प्रवेश द्वार, हरियाणा एमएलए हॉस्टल परिसर में विधायकों के निजी स्टाफ और पुलिस कर्मचारियों के रहने की सुविधाओं के विस्तार, हरियाणा निवास के लिए अतिरिक्त भूमि, नई डिस्पेंसरी हेतु भूमि आवंटन, एवं विधानसभा में फोटो गैलरी के निर्माण जैसे कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर बातचीत हुई। यूटी प्रशासक ने इन सभी प्रस्तावित कार्यों को जल्द पूरा करने के लिए सहमति दी।

इस मौके पर हरियाणा के मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण गुप्ता, यूटी चंडीगढ़ के मुख्य सचिव राजीव वर्मा, गृह सचिव मनदीप बराड़, डीसी निशांत यादव, मुख्य वास्तुकार राजीव कुमार मेहता सहित कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।