दिल्ली के दो स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट, पुलिस जांच में जुटी

15 जुलाई 2025 फैक्टर रिकॉर्डर

National Desk: दिल्ली और मुंबई में बम की धमकियों से मचा हड़कंप, स्कूल-कॉलेज और बीएसई खाली कराए गए                                                                                                                            दिल्ली और मुंबई में सोमवार को बम की धमकियों से अफरा-तफरी मच गई। दिल्ली के द्वारका स्थित सेंट थॉमस स्कूल और दिल्ली विश्वविद्यालय के सेंट स्टीफन कॉलेज को बम से उड़ाने की धमकी मिली। दोनों संस्थानों को तत्काल खाली करवा लिया गया। दिल्ली पुलिस, बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वायड और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और गहन जांच की गई। अब तक किसी संदिग्ध वस्तु का पता नहीं चला है।

वहीं, देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली। बीएसई की आधिकारिक वेबसाइट पर भेजे गए एक ईमेल में दावा किया गया कि इमारत में चार आरडीएक्स आईईडी बम लगाए गए हैं जो दोपहर 3 बजे विस्फोट करेंगे। सूचना मिलते ही मुंबई पुलिस और बम स्क्वॉड ने पूरे परिसर को खाली कराया और जांच शुरू की।

हालांकि, बीएसई बिल्डिंग से कोई विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। फिलहाल दोनों मामलों में पुलिस जांच जारी है और धमकी भरे ईमेल भेजने वाले की पहचान की कोशिश की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया है।