स्वास्थ्य मंत्री ने पी.जी.आई. में मज़दूर दयाल सिंह समेत मोड़ मंडी और फरीदकोट के किसानों का हालचाल जाना

गेहूं के अवशेष में लगी आग से झुलसे व्यक्तियों का इलाज पंजाब सरकार कराएगी : डॉ. बलबीर सिंह
-“कैदूपुर गांव के किसानों के हुए नुकसान की भरपाई अपनी तनख़्वाह से करूंगा”: डॉ. बलबीर सिंह
-स्वास्थ्य मंत्री ने कैदूपुर गांव में जले हुए गेहूं के अवशेष का जायज़ा लिया
-“पंजाब सरकार किसानों और खेत मज़दूरों की हर संभव मदद करेगी”: डॉ. बलबीर सिंह

नाभा, भादसों, 29/04/2025 Fact Recorder

पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि गेहूं के अवशेष में लगी आग से झुलसे गांव अजनोदा खुर्द के मज़दूर दयाल सिंह तथा मोड़ मंडी और फरीदकोट के दो किसानों का पी.जी.आई. में चल रहा इलाज पूरी तरह पंजाब सरकार द्वारा वहन किया जाएगा। स्वास्थ्य मंत्री आज पटियाला ग्रामीण क्षेत्र के कैदूपुर गांव पहुंचे, जहां 26 अप्रैल को करीब 16 एकड़ खेतों में गेहूं के अवशेष में आग लगने से नुकसान हुआ था। इस दौरान उनके साथ एस.डी.एम. नाभा डॉ. इसमत विजय सिंह भी मौजूद थे।
डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि कैदूपुर गांव के जिन किसानों को इस आग से नुकसान पहुंचा है, उसकी भरपाई वे अपनी व्यक्तिगत तनख़्वाह से करेंगे। उन्होंने किसानों को आश्वासन दिया कि जिला प्रशासन की ओर से प्रभावित किसानों और मज़दूरों को हर संभव सहायता दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि समय पर दमकल विभाग के पहुंचने और ग्रामीणों के प्रयासों से जानमाल की बड़ी हानि टल गई। हालांकि, गांव अजनोदा खुर्द के मज़दूर दयाल सिंह आग बुझाते समय झुलस गया, जिसका इलाज पी.जी.आई. में चल रहा है। डॉ. बलबीर सिंह ने स्वयं पी.जी.आई. जाकर दयाल सिंह और उसके परिजनों से मुलाकात की और सरकार की ओर से हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि वर्तमान में पंजाब के तीन लोग पी.जी.आई. में झुलसने के कारण इलाजरत हैं और इनके इलाज का पूरा खर्चा सरकार वहन करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि गेहूं के मौसम में सूखे की वजह से इस प्रकार की आग की घटनाएं आम हैं, लेकिन अगर किसान खेतों की मेड़ पर सरसों या हरी फसलें लगाएं, तो आग को फैलने से रोका जा सकता है।
पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में डॉ. सिंह ने बताया कि जैसे ही उन्हें घटना की सूचना मिली, वे उस समय सीमावर्ती क्षेत्र के दौरे पर थे, तो उन्होंने कैबिनेट मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंद को मौके पर भेजने का अनुरोध किया। श्री सौंद ने तुरंत गांव कैदूपुर का दौरा कर स्थिति का जायज़ा लिया।
गांव के किसानों, सरपंच और नंबरदारों ने बताया कि दमकल विभाग तुरंत पहुंच गया था, जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया।
इस मौके पर मंत्री के पी.ए. जय शंकर, बलविंदर सैनी, सुरेश राय, जसपाल सिंह, जगदीप सिंह, कुलदीप सिंह (नंबरदार), पप्पू सिंह (सरपंच, कैदूपुर), भीम सिंह, अमनदीप सिंह, गुरचरण सिंह और अन्य अधिकारी मौजूद थे।