पंचकूला मोरनी के गांव चुहड़पुर में घर में लगी: सारा सामान जलकर राख; जानी नुकसान होने से बचाl

14/April/2025 Fact Recorder

मोरनी के गांव चुहड़पुर के घर में लगी आग

पंचकूला जिले के मोरनी खंड के गांव चुहड़पुर में बीती रात एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक नवविवाहित दंपती के घर में अचानक आग लग गई। सौभाग्यवश, इस हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन पूरा घर और उसमें रखा कीमती सामान जलकर राख हो गया।

जानकारी के अनुसार, घटना के समय घर में केवल नवविवाहित दंपती मौजूद थे। परिवार के अन्य सदस्य किसी रिश्तेदारी में गए हुए थे। देर रात अचानक घर में आग लगने का एहसास होते ही दंपती ने सतर्कता दिखाते हुए तुरंत घर से बाहर भागकर अपनी जान बचाई।

आग की लपटें उठते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और मिट्टी व पानी की मदद से आग बुझाने की कोशिश की। हालांकि आग इतनी तेजी से फैली कि पूरा घर उसकी चपेट में आ गया। आग बुझाते-बुझाते घर का सारा सामान जलकर खाक हो गया।

बताया जा रहा है कि कुछ ही दिन पहले इस घर में दो भाइयों की शादी हुई थी और घर में नई गृहस्थी शुरू हुई थी। आग लगने से विवाह में लाया गया अधिकांश सामान और घरेलू उपयोग की वस्तुएं पूरी तरह नष्ट हो गई हैं।

प्रशासन से पीड़ित परिवार को मदद की उम्मीद है। गांववासियों और समाजसेवियों ने प्रशासन से अपील की है कि जल्द से जल्द पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और पुनर्वास उपलब्ध कराया जाए।